Rohtas : सासाराम के दरिगांव थाना क्षेत्र के करसेरूआ के पास सूर्यपुरा की महिला अंचलाधिकारी के साथ दुर्व्यवहार, लूटपाट और धक्का मुक्की किए जाने का मामला प्रकाश में आया है। वहीं इस मामले को लेकर बताया जा रहा है कि, सूर्यपूरा की महिला अधिकारी गोल्डी कुमारी अपनी एक मित्र के साथ कैमूर पहाड़ी पर गीता घाट वॉटरफॉल की और गई हुई थी। इस दौरान आसपास के ही कुछ लफंगों ने अपनी निजी कार से जा रही महिला अंचलाधिकारी के साथ अपशब्द का प्रयोग किया। विरोध करने पर सात आठ की संख्या में लफंगे एकत्र हो गए और महिला अधिकारी की गाड़ी पर हमला कर दिया। यहां तक की गाड़ी के शीशे पर मुक्का से प्रहार भी किया गया। साथ ही, सड़क के आगे बाइक गिराकर रास्ता रोक दिया गया। थोड़ी देर के लिए महिला अंचलाधिकारी घबरा गई।
इस दौरान बदमाशों ने C.O. का मोबाइल और बैग आदि भी छीन लिया। बताया जा रहा है कि, उनके सहयोगी मित्र और चालक के साथ भी मारपीट की गई। सूर्यपुरा के अंचलाधिकारी ने तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी। इसके बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया। वहीं इस संबंध में जो केस दर्ज किया गया है, उसमें 6 लोगों को आरोपी बनाया गया है। वहीं अंचलाधिकारी से छिना गया मोबाइल भी बरामद कर लिया गया है।
आपको बता दें कि, कैमूर पहाड़ी पर इन दिनों पर्यटन के लिए काफी लोग जा रहे हैं और जिस तरह से यह वारदात हुई है इसके बाद लोगों की चिंता बढ़ गई है। जब एक महिला अधिकारी के साथ लफंगे इस तरह की बदसलूकी कर सकते हैं तो आम पर्यटकों के साथ समस्या बढ़ सकती है।