Nalanda : बिहार की ऐतिहासिक धरती राजगीर में एक और नए अध्याय की शुरुआत हो चुकी है। यहां पहली बार एशियान रग्बी अंडर 20 सेवेंस चैंपियनशिप 2025 प्रतियोगिता की शुरुआत कल यानी 9 और 10 अगस्त को होगी। जिसका आज रंगारंग कार्यक्रम के द्वारा उद्घाटन किया गया। इस उद्घाटन समारोह में बिहार के खेल मंत्री सुरेंद्र मेहता, ग्रामीण विकास मंत्री श्रवण कुमार और रग्बी इंडिया के अध्यक्ष सह फ़िल्म अभिनेता राहुल बोस के द्वारा किया गया। जिसमें देश और बिहार की संस्कृति झांकियों व नृत्य दिखाई गई। जिसे देख विदेशी मेहमान काफ़ी ख़ुश नज़र आए।
इस उद्घाटन समारोह में बड़ी संख्या में स्थानीय खेल प्रेमियों के साथ 9 देशों की 16 टीमों में 192 खिलाड़ियों ने भी भागीदारी की। इस उद्घाटन समारोह में बिहार की सांस्कृतिक विरासत को दर्शाने वाले मनमोहक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। झिझिया, सामा-चकेवा जैसे पारंपरिक लोकनृत्यों ने दर्शकों का मन मोह लिया और अंतरराष्ट्रीय मेहमानों को बिहार की सांस्कृतिक पहचान से रूबरू कराया। इस दौरान रग्बी इंडिया के अध्यक्ष सह एक्टर राहुल बोस ने बिहार में तैयार की गई। विश्वस्तरीय खेल सुविधाओं और इस अंतरराष्ट्रीय आयोजन की उत्कृष्ट मेज़बानी के लिए मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की प्रशंसा कर शुक्रिया किया। उन्होंने कहा कि, यह आयोजन न केवल बिहार बल्कि पूरे देश के लिए गौरव का विषय है।
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने पूर्व में इस प्रतियोगिता के शुभंकर और लोगों का अनावरण कर इस आयोजन को विशेष महत्व प्रदान किए हैं। रग्बी इंडिया के अध्यक्ष सह फ़िल्म अभिनेता राहुल बोस ने बिहार के खिलाड़ियों की जमकर तारीफ की। उन्होंने बताया कि, पिछले 4-5 सालों में भारत ने रग्बी में जो 22 पदक जीते हैं, उनमें से 17 पदक अकेले बिहार के खिलाड़ियों ने हासिल किए हैं। इनमें 13 स्वर्ण, 2 रजत और 2 कांस्य पदक शामिल हैं। उन्होंने कहा कि, देश के सभी 27 राज्यों में बिहार का प्रदर्शन सबसे बेहतरीन रहा है। राहुल बोस ने यह भी कहा कि, राजगीर का खेल विश्वविद्यालय अंतर्राष्ट्रीय सुविधाओं से लैस है। इस लिए एशिया रग्बी चैंपियनशिप की मेजबानी के लिए यह सबसे सही जगह है।
बिहार सरकार में ग्रामीण विकास मंत्री श्रवण कुमार ने इस आयोजन को बिहार की प्रगति का प्रमाण बताया है। उन्होंने कहा कि, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में पिछले 20 वर्षों में बिहार ने हर क्षेत्र में अभूतपूर्व तरक्की की है। उन्होंने सरकार की "मेडल लाओ, नौकरी पाओ" योजना की सराहना करते हुए कहा कि, इससे ग्रामीण प्रतिभाओं को आगे आने का मौका मिल रहा है। वहीं, खेल मंत्री सुरेंद्र मेहता ने इस आयोजन को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की दूरदर्शी सोच का परिणाम है। उन्होंने कहा कि, बिहार अब अंतरराष्ट्रीय खेलों की मेजबानी कर रहा है, जो राज्य के लिए गौरव की बात है। इस दो दिवसीय प्रतियोगिता में भारत, चीन, हांगकांग, संयुक्त अरब अमीरात, कज़ाख़स्तान, उज्बेकिस्तान, श्रीलंका, मलेशिया और नेपाल की पुरुष एवं महिला टीमें भाग ले रही हैं। कुल 16 टीमों के 192 खिलाड़ी, 32 कोच और 50 तकनीकी अधिकारी इस आयोजन में शामिल हैं।
भारतीय पुरुष अंडर-20 टीम में बिहार के गोल्डन कुमार और सागर प्रकाश शामिल हैं, जबकि महिला अंडर-20 टीम में बिहार की आरती कुमारी, अनशु कुमारी, अल्पना कुमारी और गुड़िया कुमारी चयनित हुई हैं। पुरुष टीम की कप्तानी सुमित कुमार रॉय और उपकप्तानी करन राजभार के पास है, वहीं महिला टीम की कप्तान भूमिका शुक्ला और उपकप्तान तनुश्री भोसले हैं। टूर्नामेंट के प्रमुख कोचों में फ्रैंको ‘पाको’ हेर्नांडेज़ (पुरुष टीम) और सुसान मार्टिनेज़ (महिला टीम) शामिल हैं, जो अंतरराष्ट्रीय स्तर का अनुभव रखते हैं।
राजगीर खेल परिसर अपनी अत्याधुनिक सुविधाओं के लिए देशभर में प्रसिद्ध है। यहां 45,000 दर्शकों की क्षमता वाला मुख्य स्टेडियम, बहुउद्देश्यीय इनडोर हॉल, एथलेटिक्स ट्रैक, स्विमिंग पूल, हॉकी, फुटबॉल, टेनिस, बैडमिंटन और अन्य खेलों की अंतरराष्ट्रीय मानकों वाली सुविधाएं उपलब्ध हैं। यह परिसर न केवल खेल प्रतियोगिताओं बल्कि प्रशिक्षण शिविरों और राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय आयोजनों के लिए भी आदर्श स्थल है। यह आयोजन बिहार सरकार की उस प्रतिबद्धता का प्रतीक है। जिसके तहत राज्य में खेल और खिलाड़ियों के विकास को प्राथमिकता दी जा रही है। भविष्य में यहां अंतर्राष्ट्रीय स्तर के और भी टूर्नामेंट आयोजित करने की योजना है, जिससे न केवल खेल पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा बल्कि बिहार के खिलाड़ी वैश्विक मंच पर और अधिक मजबूती से अपनी पहचान बना सकेंगे।
इस अवसर पर बिहार खेल विश्वविद्यालय के कुलपति शिशिर सिन्हा, खेल विभाग के अपर मुख्य सचिव डॉ. बी. राजेंदर, खेल निदेशक महेंद्र कुमार, रग्बी इंडिया के अध्यक्ष एवं प्रख्यात अभिनेता राहुल बोस, कुंदन कुमार जिलाधिकारी नालंदा, भारत सोनी. पुलिस अधीक्षक, सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
नालंदा से मो. महमूद आलम की रिपोर्ट
ताजा ब्रेकिंग न्यूज़ और अपडेट्स के लिए जुड़े रहिए दर्श न्यूज़ के साथ, यह भी पढ़े : https://darsh.news/news/PK-ne-Patna-mein-chhatron-par-lathicharge-ke-mudde-par-Nitish-Kumar-ko-ghera-bole-Nitish-Kumar-ke-lathi-ke-chot-ka-jawab-janta-163953