पटना: बिहार में विभिन्न सरकारी नौकरी में माफियाओं के द्वारा गड़बड़ी किये जाने को लेकर एक तरफ प्रशासन पूरी तरह से सतर्क है वहीं दूसरी तरफ गड़बड़ी करने वाले भी अपनी हरकतों से बाज नहीं आ रहे। एक बार फिर परीक्षा माफियाओं ने सिपाही भर्ती शारीरिक दक्षता परीक्षा में गड़बड़ी करने की कोशिश की लेकिन प्रशासनिक सतर्कता की वजह से 3 व्यक्ति पकड़े गए। मामला गर्दनीबाग थाना क्षेत्र के राजकीय उच्च विद्यालय के समीप का है जहां फ़िलहाल सिपाही भर्ती की शारीरिक दक्षता परीक्षा चल रही है।
यह भी पढ़ें - U-19 टी-20 विश्वकप में भारत की टीम ने बनाया वर्ल्ड रिकॉर्ड, इंग्लैंड को 100 रनों से हराया...
मामले को लेकर सचिवालय एसडीपीओ 1 डॉ अनु कुमारी ने बताया कि गुप्त सूचना मिली थी कि शारीरिक दक्षता परीक्षा के दौरान कुछ बिचौलिए अभ्यर्थियों को परीक्षा पास करवाने के नाम पर ठगी कर रहे हैं। सूचना के आधार पर एक टीम गठित कर छापेमारी की गई। इस दौरान पुलिस को देख कुछ लोग भागने लगे जिसके बाद उन्हें खदेड़ कर 3 लोगों को पकड़ा गया। पकडे गए लोगों के मोबाइल फोन की जांच के दौरान कई अभ्यर्थियों के एडमिट कार्ड की तस्वीर, वॉकी टॉकी से संबंधित फोटो, संदिग्ध चैट एवं लेनदेन मिली है।
पुलिस ने तीनों को गिरफ्तार कर मामले की छानबीन शुरू कर दी है। इसके साथ ही गुरुवार को दो अभ्यर्थियों को भी पकड़ा गया है जिनके बदले दो अन्य व्यक्तियों ने लिखित परीक्षा दी थी और अब शारीरिक परीक्षा देने के लिए खुद आये थे। सत्यापन के दौरान दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया। सभी के विरुद्ध उचित कार्रवाई की जा रही है। एसडीपीओ ने बताया कि गिरफ्तार माफियाओं की पहचान भोजपुर निवासी सियाराम सिंह, खगड़िया निवासी संजीव कुमार और पटना निवासी संतोष कुमार के रूप में की गई जबकि दोनों अभ्यर्थियों की पहचान भागलपुर के नाथनगर निवासी अमन कुमार और अरवल निवासी सूरजभान के रूप में की गई है।
यह भी पढ़ें - दरभंगा SSP ने मामले की जांच को लेकर गठित की SIT, कहा 'की जाएगी निष्पक्ष जांच और...'
पटना से चंदन तिवारी की रिपोर्ट