लखीसराय: बिहार विधानसभा चुनाव के पहले चरण के मतदान के लिए नामांकन के लिए अब महज दो दिनों का समय बचा है लेकिन अभी तक NDA और महागठबंधन ने अपनी सीटों पर उम्मीदवार की पूरी घोषणा नहीं की है। इस बीच पार्टी ने कई नेताओं को नामांकन के लिए हरी झंडी दे दी है। हालांकि भाजपा ने अब तक अपने 71 उम्मीदवारों की सूची जारी कर दी है जिसके अनुसार डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी, विजय सिन्हा समेत कई मंत्रियों को चुनाव लड़ना होगा।
पहली सूची के अनुसार उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी तारापुर से चुनाव लड़ेंगे जबकि विजय सिन्हा लखीसराय से। विजय सिन्हा ने गुरुवार को लखीसराय में अपना नामांकन दर्ज करा लिया है। उन्होंने लखीसराय सीट से 6ठी बार अपना नामांकन दाखिल किया है। इस दौरान उनके साथ केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह, दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी मौजूद रहे। नामांकन दाखिल करने से पहले विजय सिन्हा ने बरहिया के मां बाला त्रिपुर सुन्दरी मंदिर में पहुंच कर पूजा अर्चना की और फिर अपने समर्थकों के हुजूम के साथ नामांकन के लिए पहुंचे। नामांकन के बाद उन्होंने सोशल मीडिया पर मतदाताओं को देवता समान बताया है और कहा कि वे काफी उत्साहित हैं।
नामांकन दर्ज करने के बाद उप मुख्यमंत्री विजय सिन्हा ने सोशल मीडिया पर लिखा कि 'जय जगद्धात्री माँ बाला त्रिपुरसुंदरी जय बाबा इंद्रदमनेश्वर महादेव। लखीसराय विधानसभा की देवमयी जनता का हार्दिक अभिनंदन ! लखीसराय से लगातार छठी बार नामांकन कर बेहद उत्साहित हूं। बीते दो दशकों से निरंतर मिल रहा स्नेह, समर्थन और आशीर्वाद सचमुच अभिभूत करने वाला है। आपके समर्थन का संबल मुझे निरंतर कर्तव्य और सेवा के पथ पर आगे बढ़ने की शक्ति देता रहा है। आपके भरपूर समर्थन और सहयोग से मैं आगे भी आपके सम्मान को संरक्षित रखते हुए पूरे मनोयोग से लखीसराय को विकास और जनकल्याण के रास्ते पर गतिमान रखने में जुटा रहूंगा। इस दौरान दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता, बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह मेरे नामांकन दाखिल करने के दौरान उपस्थित रहें। लखीसराय का आशीर्वाद, बिहार का विश्वास — फिर एक बार एनडीए सरकार।'
इस दौरान पत्रकारों से बात करते हुए उन्होंने कहा कि बिहारी शब्द अब गाली नहीं बल्कि सम्मान का प्रतीक बनेगा। जिन लोगों ने बिहार और बिहारी को बर्बाद किया, जंगलराज लाया उन लोगों को अब बिहारी स्वीकार नहीं करेगा। बिहारी अब अपने विकास और सम्मान की दिशा में आगे बढ़ गया है और अब पीछे नहीं हटेगा। इस दौरान उन्होंने विकास या जाति के आधार पर वोट पड़ने के सवाल पर कहा कि आप देख रहे हैं कि विकास जाति से ऊपर है, कई बार यह उदाहरण भी कई बार देखने को मिला कि बिहार के लोग अब जाति नहीं बल्कि विकास के आधार पर वोट डाल रहे हैं। इस बार 2010 का भी रिकॉर्ड टूटेगा। हर बिहारी सब पर भारी का संदेशलोकतंत्र की धरती से देगा। इस दौरान उन्होंने NDA में सीट बंटवारे को लेकर नाराजगी की दौर को लेकर कहा कि हमारा नेतृत्व अनुभवी और सक्षम है और इनके नेतृत्व में कोई समस्या नहीं है। समस्या उन्हें है जो स्वार्थ के लिए ठगबंधन बना कर बैठे हैं।
यह भी पढ़ें - नाम बदला, पर नीयत वही है! शहाबुद्दीन के बेटे को RJD ने बनाया उम्मीदवार तो BJP ने किया जबर्दस्त हमला...