पटना: नई सरकार के गठन के बाद बिहार में बालू और जमीन माफियाओं के विरुद्ध लगातार लगातार कार्रवाई की जा रही है। सरकार की सख्ती और पुलिस की लगातार कार्रवाई के बावजूद माफियाओं का मनोबल कम नहीं हो रहा है और वे अब पुलिस पर हमला करने से भी बाज नहीं आ रहे हैं। ताजा मामला राजधानी पटना से है जहां अवैध खनन के विरुद्ध कार्रवाई करने के लिए गई पुलिस पर बालू माफियाओं ने हमला कर दिया जिसमें एक होमगार्ड जवान जख्मी हो गये। घटना के बाद भारी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई है।
घटना राजधानी पटना से सटे बिहटा इलाके के परेव सोन नदी के समीप की है जहां अवैध बालू खनन के खिलाफ कार्रवाई में गई पुलिस पर बालू माफियाओं ने हमला कर दिया। घटना में एक होमगार्ड जवान जितेंद्र कुमार गंभीर रूप से जख्मी हो गये जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद भारी संख्या में पुलिस बल मौके पर तैनात की गई और माफियाओं की तलाश की जा रही है। वहीं इस दौरान पुलिस ने एक ट्रैक्टर जब्त किया है जबकि बालू माफिया मौके से फरार हो गए।
घटना को लेकर खनन विभाग के इंस्पेक्टर गोविंद कुमार ने कहा कि अवैध खनन की सूचना पर पुलिस बल के साथ मिल कर छापेमारी की जा रही थी। इस दौरान करीब 70-80 की संख्या में बालू माफियाओं ने हमला कर दिया जिसमें एक होमगार्ड जख्मी हो गये। फ़िलहाल 70-80 अज्ञात के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी गई है वहीं गिरफ्तारी के लिए छापेमारी भी की जा रही है। उन्होंने बताया कि अवैध खनन में लिप्त और पुलिस पर हमला करने के एक भी आरोपी बख्शे नहीं जायेंगे, सभी के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।
यह भी पढ़ें - बाढ़ बाजार बना रणक्षेत्र, आपस में ही भिड़े दुकानदार एक जख्मी...
पटना से पशुपतिनाथ शर्मा की रिपोर्ट