कटिहार जिले के सहायक थाना क्षेत्र स्थित शरीफगंज (हवाई अड्डा) इलाके में उस वक्त अफरातफरी मच गई, जब काजल कुमारी नामक महिला की सरेआम गोली मारकर हत्या कर दी गई। दिनदहाड़े हुई इस वारदात से पूरा इलाका दहल उठा और लोग दहशत में आ गए। मौके पर भारी संख्या में पुलिस बल पहुंचा और इलाके को घेराबंदी कर जांच शुरू की गई।
इस हत्याकांड की सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि इसका रिश्ता पांच साल पुराने एक और कत्ल से जुड़ता दिखाई दे रहा है। स्थानीय लोगों के मुताबिक, काजल कुमारी के पति सुरेश यादव की भी करीब पांच वर्ष पहले उनके ससुराल में ही हत्या कर दी गई थी। अब पति की मौत के बाद पत्नी का इसी तरह गोलियों से छलनी होना, कई गंभीर सवाल खड़े कर रहा है।
यह भी पढ़ें: पटना में खून का रिश्ता शर्मसार! बेटे ने ही उतारा पिता को मौत के घाट
मृतका के ससुर और परिजनों ने पुलिस को बताया कि पिछले कुछ दिनों से एक युवक रात के समय चोरी-छिपे काजल कुमारी से मिलने आता था। इस दौरान सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म फेसबुक पर काजल की कई तस्वीरें भी वायरल की गई थीं। परिजनों का कहना है कि इन घटनाओं के बाद काजल को लगातार जान से मारने की धमकियां मिल रही थीं, लेकिन किसी को अंदेशा नहीं था कि मामला इतनी भयावह दिशा ले लेगा।
यह भी पढ़ें: PMCH में भर्ती सांसद पप्पू यादव की सेहत पर अस्पताल प्रशासन ने दिया ताजा अपडेट।
कटिहार के पुलिस अधीक्षक शिखर चौधरी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में यह मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। पुलिस को घटनास्थल से एक खाली कारतूस बरामद हुआ है, जिससे साफ है कि हमलावर हथियार के साथ आए थे और वारदात को अंजाम देने के बाद फरार हो गए। एसपी ने यह भी स्पष्ट किया कि फेसबुक पर तस्वीरें वायरल होने, पहले से मिल रही धमकियों और उस संदिग्ध युवक की भूमिका को केंद्र में रखकर जांच की जा रही है। पुलिस की कई टीमें गठित कर दी गई हैं और जल्द ही आरोपियों तक पहुंचने का दावा किया जा रहा है। पति की हत्या के बाद पांच साल तक शांत रही यह कहानी अब पत्नी की हत्या के साथ एक बार फिर खूनी मोड़ पर आ गई है। सवाल यह है कि क्या यह केवल प्रेम प्रसंग का मामला है या इसके पीछे कोई पुरानी रंजिश और गहरी साजिश छिपी हुई है? फिलहाल पुलिस हर एंगल से जांच कर रही है और इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है।