पटना: बुधवार से ही बिहार की राजनीति में मची हलचल के बीच अब मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने राज्यसभा जाने के लिए अपना नामांकन दाखिल कर दिया है। गृह मंत्री अमित शाह की मौजूदगी में नीतीश कुमार ने बिहार विधानसभा के सचिव के कार्यालय में राज्यसभा चुनाव के लिए अपना नामांकन दाखिल किया है। इस दौरान गृह मंत्री अमित शाह, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन, उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, विजय सिन्हा, मंत्री श्रवण कुमार समेत NDA के कई अन्य बड़े नेता मौजूद रहे।
यह भी पढ़ें - राज्यसभा जायेंगे CM नीतीश तो कौन होगा बिहार का अगला मुख्यमंत्री? निशांत के नाम पर यह चर्चा है जोरों पर...
इस दौरान भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने भी राज्यसभा चुनाव के लिए अपना नामांकन दाखिल किया। इस दौरान NDA के अन्य राज्यसभा उम्मीदवार शिवेश कुमार, उपेंद्र कुशवाहा और रामनाथ ठाकुर ने भी अपना नामांकन दाखिल किया। बता दें कि बिहार के सीएम नीतीश कुमार के राज्यसभा जाने की खबरों के बाद एक तरफ जदयू में उबाल है तो दूसरी तरफ भाजपा के कार्यकर्ताओं में काफी जोश है।
नामांकन के दौरान केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह, केन्द्रीय मंत्री राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह, केन्द्रीय मंत्री जीतनराम मांझी, उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, उप मुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा, जदयू के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय कुमार झा, जल संसाधन मंत्री विजय कुमार चौधरी, ऊर्जा मंत्री बिजेन्द्र प्रसाद यादव, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी, जदयू के प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा, लोजपा (रामविलास) के सांसद अरूण भारती सहित बिहार सरकार के मंत्रीगण, सांसदगण, विधायकगण, विधान पार्षदगण एवं अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित थे।
यह भी पढ़ें - गृह मंत्री अमित शाह पहुंचे CM नीतीश के आवास, साथ में निकले विधानसभा के लिए..