भागलपुर: बड़ी खबर भागलपुर के नौगछिया से है जहां अपराधियों पर कार्रवाई करने वाला एक दारोगा खुद ही अपराधी बन गया। घटना के बाद जिले के पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। दरअसल नौगछिया में शुक्रवार की सुबह एक सिपाही को दारोगा के साथ मजाक करना भारी पड़ गया। घटना में सिपाही गंभीर रूप से जख्मी हो गया जिसे प्राथमिक इलाज के बाद भागलपुर मायागंज अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं मामले में घायल सिपाही के फर्द बयान पर आरोपी दारोगा के विरुद्ध मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी गई है जबकि दारोगा फरार बताये जा रहे हैं।
यह भी पढ़ें - आपस में ही उलझे दो पुलिसकर्मी, ड्यूटी को लेकर हुए विवाद ने ले लिया...
घटना नौगछिया सब्जी मंडी की है। जख्मी सिपाही की पहचान पीटीसी सिपाही विशाल कुमार के रूप में की गई। घायल सिपाही ने बताया कि वह नौगछिया सब्जी मंडी में सब्जी लेने गया था जहां दारोगा पहले से मौजूद था। इस दौरान दोनों के बीच बातचीत शुरू हुई और हंसी मजाक होने लगा। हंसी मजाक के दौरान अचानक दारोगा हिंसक हो गए और चाकू निकाल कर सिपाही पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। घटना में सिपाही गंभीर रूप से जख्मी हो गए वहीं जब आसपास के लोग जुटने लगे तो दारोगा मौके से भाग निकले। आनन फानन में लोगों ने उसे अनुमंडलीय अस्पताल में भर्ती कराया जहां से प्राथमिक इलाज के बाद भागलपुर मायागंज अस्पताल रेफर कर दिया गया।
घटना की सूचना स्थानीय लोगों ने पुलिस को दी जिसके बाद पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई। मामले को लेकर एसडीपीओ ओमप्रकाश ने बताया कि घटना की सूचना पर दारोगा अजीत कुमार को फर्दबयान के लिए भेजा गया था। सिपाही के फर्दबयान के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है और मामले की छानबीन नगर थानाध्यक्ष को सौंपी गई है। आरोपी दारोगा की तलाश शुरू कर दी गई है जल्द ही उन्हें पकड़ लिया जायेगा।
यह भी पढ़ें - दरभंगा SSP ने मामले की जांच को लेकर गठित की SIT, कहा 'की जाएगी निष्पक्ष जांच और...'