Join Us On WhatsApp
BISTRO57

रात में मां संग ही सोई थी बेटी, सुबह मिली डेड बॉडी, पसरा सन्नाटा

Daughter slept with mother at night, dead body found in morn

रात में बेटी मां के साथ घर में सोई थी। आधी रात को वह अचानक गायब हो गई। गायब होते ही घर में कोहराम मच गया। परिजनों ने रात में ही किशोरी की खोजबीन की लेकिन कुछ भी पता नहीं चला। सुबह हुई तो बघार में गोलियों से छलनी लाश मिल गई। लाश मिलते ही सनसनी मच गई। मामले की जानकारी मिलते ही सन्नाटे को चीरती हुई पुलिस मौके पर पहुंची। पंचनामा तैयार कर शव को कब्जे में लिया। फिर पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। अब पुलिस मामले की तहकीकात में जुटी है। मामला औरंगाबाद के ओबरा थाना के कुरमाइन बिगहा का है। 

बताया जाता है कि, गांव के नंदलाल राम की पत्नी सुगिया देवी अपनी पुत्री प्रियंका (16 वर्ष) के साथ घर में सोई हुई थी। आधी रात को मां की जब आंख खुली तो बगल में सोई बेटी गायब थी। बेटी को गायब देख उसे अनहोनी की आशंका हुई। पहले तो मां ने घर में बेटी को खोजा, फिर भी नहीं मिलने पर गोतिया परिवार को इसकी जानकारी दी। आनन-फानन में रात में ही सबने मिलकर खोजबीन की। इसके बावजूद कुछ भी पता नहीं चला। मामले की जानकारी किशोरी के पिता नंदलाल राम को भी रात में ही दी गई जो आंख बनवाने के बाद सेवा टहल के लिए सदीपुर स्थित ब्याहता बेटी के घर पर थे। 

सूचना मिलते ही आनन-फानन में पिता भी रात में ही गांव वापस लौट आया। पिता ने भी गांव में बेटी की खोजबीन की लेकिन कुछ भी पता नहीं चला। परिजनों की पूरी रात कशमकश में बीती। सुबह हुई तो गांव में जानवरों को चराने निकले चरवाहों ने गांव से एक किलोमीटर पश्चिम बघार में किशोरी का शव देखा। इसके बाद चरवाहों ने शोर मचाया। शोर सुनकर ग्रामीण व परिजन मौके पर पहुंचे। परिजनों ने किशोरी के शव की शिनाख्त की। शव को देखने से ऐसा प्रतीत होता है कि किशोरी की गोली मारकर हत्या की गई है। शव के सीने और पेट में गोली के निशान पाए गए हैं। 

मामले की जानकारी मिलने के बाद मौके पर पहुंची ओबरा थाना की पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए औरंगाबाद सदर अस्पताल लाया है। शव का पोस्टमार्टम कराने आए ओबरा थाना के दारोगा मनोज राय के चेहरे का हाव भाव देखने लायक था। मामले के बारे में पूछे जाने पर कहा कि, मामला हत्या का है। पुलिस मामले की छानबीन में जुटी है। ओबरा थानाध्यक्ष पंकज सैनी ने कहा कि, किशोरी की हत्या गोली मारकर या चाकू से गोदकर की गई है, इसका पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चलेगा। फिलहाल, पुलिस ने पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है। पुलिस आगे की कारवाई में जुटी है।

bistro 57

Scan and join

darsh news whats app qr
Join Us On WhatsApp