Join Us On WhatsApp

गया स्टेशन बना ‘एग्जाम सेंटर का एक्सटेंशन’! ट्रेनों में चढ़ने को बिहार सिविल कोर्ट के अभ्यर्थियों की होड़

बिहार सिविल कोर्ट प्यून परीक्षा खत्म होते ही गया रेलवे स्टेशन पर अभ्यर्थियों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी।

Gaya station becomes 'extension of exam centre'
गया स्टेशन बना ‘एग्जाम सेंटर का एक्सटेंशन’! ट्रेनों में चढ़ने को बिहार सिविल कोर्ट के अभ्यर्थियों की- फोटो : Darsh NEWS

बिहार सिविल कोर्ट में प्यून पद के लिए आयोजित परीक्षा खत्म होते ही रविवार को गया रेलवे स्टेशन पर अभ्यर्थियों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। परीक्षा केंद्रों से निकलने के बाद हजारों परीक्षार्थी एक साथ स्टेशन पहुंच गए, जिससे प्लेटफॉर्म और स्टेशन परिसर में काफी भीड़भाड़ की स्थिति बन गई। खासकर पटना की ओर जाने वाली ट्रेनों में चढ़ने के लिए यात्रियों की लंबी कतारें लग गईं। जानकारी के अनुसार, इस भर्ती परीक्षा में राज्य के विभिन्न जिलों से बड़ी संख्या में अभ्यर्थी गया पहुंचे थे। परीक्षा समाप्त होते ही अधिकांश उम्मीदवार घर लौटने के लिए रेलवे स्टेशन की ओर रवाना हो गए। एक ही समय पर बड़ी संख्या में परीक्षार्थियों के पहुंचने से स्टेशन पर यात्रियों का दबाव अचानक बढ़ गया।

यह भी पढ़ें: पटना की सड़कों पर सवर्णों का UGC नियम विरोध मार्च - काला कानून वापस लो

पटना, जहानाबाद और आसपास के जिलों की ओर जाने वाली ट्रेनों के प्लेटफॉर्म पर सबसे अधिक भीड़ देखने को मिली। कई अभ्यर्थियों ने बताया कि ट्रेन आने के बाद डिब्बों में पहले से ही यात्रियों की भीड़ थी, जिससे चढ़ने में काफी परेशानी हुई। कई जगहों पर धक्का-मुक्की जैसी स्थिति भी बन गई। कुछ परीक्षार्थी प्लेटफॉर्म पर लंबे समय तक अगली ट्रेन का इंतजार करते नजर आए।

यह भी पढ़ें: BPSC TRE-4 भर्ती को लेकर अभ्यर्थियों का प्रदर्शन, 18 मार्च को करेंगे महाआंदोलन

स्टेशन पर मौजूद अभ्यर्थियों का कहना था कि अगर अतिरिक्त ट्रेनें या विशेष व्यवस्था की जाती तो यात्रियों को इतनी परेशानी नहीं होती। वहीं भीड़ को नियंत्रित करने के लिए स्टेशन पर सीमित संख्या में सुरक्षा कर्मी ही नजर आए। स्थानीय लोगों का कहना है कि जब भी किसी बड़ी भर्ती परीक्षा का आयोजन होता है, तो शहर के रेलवे स्टेशन और बस स्टैंड पर अचानक यात्रियों की संख्या बढ़ जाती है। ऐसे में प्रशासन और रेलवे को पहले से ही अतिरिक्त इंतजाम करने चाहिए, ताकि परीक्षार्थियों को यात्रा के दौरान असुविधा का सामना न करना पड़े। हालांकि कुछ समय बाद ट्रेनों के संचालन के साथ स्थिति धीरे-धीरे सामान्य होती नजर आई, लेकिन परीक्षा समाप्त होने के बाद गया रेलवे स्टेशन पर काफी देर तक भीड़ का दबाव बना रहा।


Scan and join

darsh news whats app qr
Join Us On WhatsApp