रोहतास: एक तरफ पुलिस लगातार अपराध नियंत्रण की कोशिश और दावे कर रही है तो दूसरी तरफ अपराधी बिल्कुल ही बेख़ौफ़ हैं। बीती रात अपराधियों ने रोहतास में एक घर में घुस कर डकैती की और आराम से भाग निकले। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है वहीं घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है। घटना रोहतास के नटवार थाना क्षेत्र के रामपुर गांव की है जहां अपराधियों ने एक घर में घुस कर परिवार के सदस्यों को बंधक बना लूटपाट की।
घटना के संबंध में पीड़ित कमलेश भगत के परिवार ने बताया कि बीती रात 9 की संख्या में हथियारबंद अपराधी घर में घुसे और सभी लोगों के हाथ पांव बांध दिए। अपराधियों ने सभी के मुंह पर भी कपड़ा बांध दिया और घर में रखे करीब 30 हजार रूपये नकद तथा 400 ग्राम सोना चांदी के आभूषण लेकर भाग निकले। अपराधियों के भागने के बाद पीड़ित परिवार ने किसी तरह पड़ोसियों को घटना की सूचना दी और फिर पुलिस को जानकारी दी गई।
यह भी पढ़ें - बिहार सरकार ने 4 IPS को किया इधर से उधर, दो डीएसपी का भी कर दिया तबादला
परिवार के लोगों ने बताया कि कुछ ही दिन बाद कमलेश भगत की बेटी की शादी होने वाली थी जिसकी तैयारी में परिवार के लोग जुटे थे और आभूषण ख़रीदे थे। वहीं घटना की जानकारी मिलने के बाद बिक्रमगंज एसडीपीओ सिंधु शेखर सिंह दलबल के साथ मौके पर पहुंचे और घटना की छानबीन में जुट गए। वहीं लूटपाट की घटना के बाद स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है। एसडीपीओ ने मामले को लेकर कहा कि फ़िलहाल छानबीन की जा रही है और अपराधियों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जायेगा।
यह भी पढ़ें - इंदौर में भीषण हादसे ने ले ली बिहार के 6 लोगों की जान, एक ही परिवार के थे रहने वाले...
रोहतास से रंजन कुमार की रिपोर्ट