Join Us On WhatsApp

IIT पटना पहुंचे मंत्री प्रेम कुमार ने लालू राज को बताया ‘अंधकार युग’, फर्जी वोटरों की होगी पहचान, निकाला जाएगा बाहर...

IIT Patna pahunche Mantri Prem Kumar ne Lalu Raj ko bataya '

Patna : पटना के IIT में चल रहे निजी कोचिंग संस्थान के कार्यक्रम में बिहार सरकार के मंत्री प्रेम कुमार पहुंचे। इस दौरान एक बार फिर राजद प्रमुख लालू प्रसाद यादव पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि, लालू यादव के कार्यकाल में बिहार अंधकार और बदहाली का प्रतीक बन गया था। जहां, शिक्षा व्यवस्था पूरी तरह से चरमराई हुई थी। प्रेम कुमार ने कहा कि, लालू यादव के कार्यकाल में बिहार गड्ढे और अंधेरे का राज्य था। वहीं स्कूल थे तो शिक्षक नहीं और साथ ही बिल्डिंग भी नहीं। लेकिन, आज बीते 20 वर्षों में बिहार में शिक्षा के क्षेत्र में क्रांति आई है।

उन्होंने ये भी बताया कि, आज बिहार में स्मार्ट क्लासेस और डिजिटल माध्यम से शिक्षा दी जा रही है। स्मार्ट क्लासेस के जरिए बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिल रही है। जबकि, लालू यादव का कभी भी विकास एजेंडा नहीं रहा। उनका एजेंडा था कि, बिहार लालटेन युग में ही सिमटा रहे। जब भाजपा की सरकार आई तो बिहार को लालटेन के अंधेरे से निकालकर उजाले की ओर ले जाने का काम हुआ है।


मंत्री प्रेम कुमार ने बांग्लादेशी घुसपैठियों को लेकर भी बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि, राज्य में फर्जी और अवैध मतदाताओं की पहचान कर उन्हें जल्द ही बाहर निकाला जाएगा। और चुनाव आयोग द्वारा चलाए जा रहे स्पेशल गहन मतदाता निरीक्षण अभियान से यह स्पष्ट हो जाएगा कि, कौन विदेशी घुसपैठिया है और कौन वैध मतदाता।

मंत्री प्रेम कुमार ने कहा कि, हमारा लोकतंत्र पर विश्वास है, लेकिन कुछ लोग तुष्टिकरण की राजनीति करते हैं और फर्जी मतदाताओं पर निर्भर हैं। चुनाव आयोग के अभियान से अब ‘दूध का दूध और पानी का पानी’ हो जाएगा। उन्होंने दावा किया कि, अररिया, पूर्णिया और किशनगंज जैसे जिलों में हिंदू जनसंख्या तेजी से घट रही है और अवैध बांग्लादेशी नागरिकों की घुसपैठ बढ़ रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि, यह सब महागठबंधन सरकारों और विपक्षी पार्टियों के शह पर हो रहा है। जो, वोट बैंक की राजनीति के लिए देश की आंतरिक सुरक्षा से समझौता कर रहे हैं।

मंत्री ने कहा कि, बिहार ही नहीं, बल्कि देश के अन्य राज्यों जैसे पश्चिम बंगाल में भी सीमावर्ती इलाकों से बांग्लादेशी नागरिकों का बड़े पैमाने पर अवैध प्रवेश हो रहा है। उन्होंने कहा कि, यह स्थिति लोकतंत्र को प्रभावित कर रही है और इससे डेमोग्राफिक संतुलन भी बिगड़ रहा है।

मंत्री ने दावा किया कि, पूर्ववर्ती सरकारों, विशेष रूप से लालू प्रसाद यादव के शासनकाल के दौरान बड़ी संख्या में अवैध बांग्लादेशी बिहार में बस गए। लेकिन, अब समय बदल गया है। हर फर्जी मतदाता की पहचान कर उसे वोटर लिस्ट से हटाया जाएगा। उन्होंने यह भी भरोसा जताया कि, चुनाव आयोग की पारदर्शी कार्रवाई से बिहार में निष्पक्ष और विश्वसनीय चुनाव कराना संभव होगा। पूरे भारत में पहली बार नगर निकाय चुनाव में ऑनलाइन मतदान की ऐतिहासिक शुरुआत हुई, जिससे लेकर बिहार सरकार के वरिष्ठ मंत्री प्रेम कुमार ने इसे लोकतंत्र के लिए सकारात्मक पहल बताया है। उन्होंने कहा कि, यह प्रक्रिया चुनाव व्यवस्था को अधिक पारदर्शी, सुलभ और आधुनिक बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम है।

इस मौके पर विपक्ष पर हमला बोलते हुए प्रेम कुमार ने कहा, “विपक्ष हर बात पर सवाल उठाता रहा है। राहुल गांधी द्वारा महाराष्ट्र चुनाव को लेकर चुनाव आयोग पर लगाए गए आरोप गंभीर नहीं, बल्कि गैर-जिम्मेदाराना हैं। अगर उनके पास कोई प्रमाण है तो वे चुनाव आयोग को दें। इस तरह संवैधानिक संस्थाओं पर टिप्पणी करना देश के विपक्ष के नेता को शोभा नहीं देता। उन्होंने यह भी कहा कि विपक्ष का एक ही उद्देश्य रह गया है जनता को भ्रमित करना। हर बार यह कहा जाता है कि संविधान खतरे में है, आरक्षण खत्म हो रहा है। लेकिन मोदी सरकार पिछले 11 साल से संविधान के तहत ही देश चला रही है। न संविधान खत्म हुआ, न लोकतंत्र खतरे में है। विपक्ष के पास कोई ठोस मुद्दा नहीं है, इसलिए वह बेबुनियाद और अराजक बातें करता है। “जनता समय-समय पर ऐसे नेताओं को करारा जवाब देती रही है और आगे भी देगी।

 

 दानापुर से पशुपतिनाथ शर्मा की रिपोर्ट


Scan and join

darsh news whats app qr
Join Us On WhatsApp