Join Us On WhatsApp

गैस को लेकर अफवाह का असर: सासाराम में सुबह 5 बजे से लाइन, अररिया में 135 सिलेंडर जब्त

ईरान–इजरायल तनाव के बीच एलपीजी गैस की किल्लत की अफवाह का असर बिहार में दिखने लगा है। सासाराम में गैस एजेंसियों के बाहर सुबह से ही उपभोक्ताओं की लंबी कतार लगी है, जबकि अररिया और सीतामढ़ी में कालाबाजारी पर प्रशासन ने छापेमारी कर कार्रवाई की है।

Impact of rumours about gas
गैस को लेकर अफवाह का असर: सासाराम में सुबह 5 बजे से लाइन, अररिया में 135 सिलेंडर जब्त- फोटो : Darsh NEWS

बिहार के कई जिलों में इन दिनों एलपीजी गैस सिलेंडर को लेकर अफवाह का असर साफ देखने को मिल रहा है। रोहतास जिले के सासाराम में गैस एजेंसियों के बाहर शुक्रवार सुबह से ही उपभोक्ताओं की लंबी कतार लग गई। वहीं दूसरी ओर अररिया और सीतामढ़ी में प्रशासन ने गैस की कालाबाजारी और दुरुपयोग के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है।

सासाराम में कई गैस एजेंसियों के बाहर लोग सुबह 5 बजे से ही खाली सिलेंडर लेकर लाइन में खड़े दिखाई दिए। दर्जनों नहीं बल्कि सैकड़ों उपभोक्ता एजेंसी खुलने से पहले ही पहुंच गए थे। कतार में महिलाओं की संख्या भी काफी ज्यादा देखी गई। लोगों का कहना है कि रमजान का महीना चल रहा है और ऐसे में घर में गैस खत्म हो जाने पर खाना बनाने में काफी परेशानी हो रही है।

स्थानीय लोगों के मुताबिक इन दिनों ईरान–इजरायल के बीच चल रहे तनाव को लेकर सोशल मीडिया पर एलपीजी गैस की किल्लत की अफवाह फैल गई है। इसी वजह से लोग पहले से ही सिलेंडर भरवाकर घर में रखने की कोशिश कर रहे हैं। हालांकि एजेंसियों में प्रतिदिन ट्रकों से गैस सिलेंडर की आपूर्ति हो रही है, इसके बावजूद भीड़ कम नहीं हो रही है।

यह भी पढ़ें: अपार कार्ड में बड़ी देरी: आधार होने के बाद भी 17 लाख छात्रों का आईडी नहीं बना

उधर अररिया जिले के फारबिसगंज में कालाबाजारी के लिए जमा किए गए एलपीजी सिलेंडरों पर प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। एसडीएम अभय कुमार तिवारी के नेतृत्व में पोखर बस्ती वार्ड नंबर 15 में एक घर और दुकान पर छापेमारी कर करीब 135 गैस सिलेंडर जब्त किए गए। प्रशासन ने सभी सिलेंडरों को थाने भेज दिया है और यह जांच की जा रही है कि इन्हें किस उद्देश्य से जमा किया गया था।

यह भी पढ़ें: मार्च में मौसम का रंग बदल रहा: कहीं बादल, कहीं तपिश, बारिश की भी संभावना

वहीं सीतामढ़ी में भी जिला प्रशासन ने एलपीजी सिलेंडर के दुरुपयोग के खिलाफ अभियान तेज कर दिया है। डुमरा स्थित एक गैस एजेंसी के गोदाम में निरीक्षण के दौरान कई अनियमितताएं मिलने पर संचालक से स्पष्टीकरण मांगा गया है। इसके अलावा होटल और रेस्टोरेंट में घरेलू गैस सिलेंडर के व्यावसायिक इस्तेमाल पर भी कार्रवाई की गई है। जिला प्रशासन ने साफ कहा है कि घरेलू गैस सिलेंडर का व्यावसायिक उपयोग कानूनन अपराध है और ऐसे मामलों में आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत कड़ी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही लोगों से अपील की गई है कि गैस की कालाबाजारी या अनियमितता की जानकारी तुरंत प्रशासन को दें।


Scan and join

darsh news whats app qr
Join Us On WhatsApp