Banka : बांका जिले के बभनगामा गांव में एक नवविवाहिता ने फांसी लगाकर जान दे दी है। मृतका रीना कुमारी की शादी फरवरी 2025 में बाबूलाल कुमार से हुई थी। दोनों की पहचान इंस्टाग्राम पर हुई थी। बातचीत के दौरान दोनों के बीच प्रेम हो गया। फिर दोनों ने दिल्ली जाकर शादी कर ली। कुछ समय बाद दोनों गांव लौटे। इसके बाद बाबूलाल मजदूरी के लिए हैदराबाद चला गया।
वहीं, करीब पांच दिन पहले ही बाबूलाल घर लौटा था। रविवार को रीना ने तबीयत खराब बताई थी। डॉक्टर से दिखाने के लिए बाबूलाल अपनी पत्नी को स्थानीय चिकित्सक के पास ले गया। इसी दौरान बाबूलाल ने रीना को किसी अन्य से फोन पर बात करते देख लिया। इस बात पर दोनों में कहासुनी हुई। रात करीब 9 बजे रीना ने पति से जलेबी लाने के लिए कहा। जिसके बाद बाबूलाल बाजार चला गया।
इसी बीच घर में मौजूद बाबूलाल की मां ने फोन कर बताया कि, रीना ने कमरे का दरवाजा अंदर से बंद कर लिया है। वहीं अनन-फानन में बाबूलाल घर लौटा। वेंटिलेटर से झांककर देखा तो रीना पंखे से लटकी मिली। परिजनों ने दरवाजा तोड़कर उसे नीचे उतारा। तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। सोमवार सुबह रीना के मायके वाले ससुराल पहुंचे। रीना के पिता ने ससुराल वालों पर हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है।
बांका से दीपक कुमार सिंह की रिपोर्ट