कैमूर: होली का त्यौहार है और इस अवसर पर अपने घर से दूर रह रहे लोग अपने अपने घरों की तरफ जा रहे हैं। होली त्यौहार की ख़ुशी और तैयारी के बीच कैमूर में एक बड़ा सड़क हादसा हुआ जिसके बाद मौके पर अफरातफरी का माहौल हो गया। सड़क हादसे में तीन यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई जबकि दर्जनों यात्री जख्मी हो गए जिन्हें स्थानीय लोग और पुलिस की मदद से अस्पताल पहुँचाया गया। घटना रविवार की अहले सुबह कैमूर के कुदरा थाना क्षेत्र अंतर्गत नसेज गांव के समीप एनएच 19 की है।
घटना के संबंध में स्थानीय लोगों ने बताया कि जमशेदपुर से वाराणसी जा रही एक यात्री बस और ट्रक में जोरदार टक्कर हो गई जिसमें तीन यात्रियों की मौत हो गई जबकि दर्जनों यात्री जख्मी हो गए। घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने लोगों की मदद से बस में फंसे लोगों को निकाला और अस्पताल पहुंचाया। बस और ट्रक की टक्कर इतनी तेज थी कि बस के परखच्चे उड़ गए वहीं मौके पर यात्रियों के बीच चीख पुकार मच गयी। घटना की सूचना पर स्थानीय लोगों के साथ कुदरा थाना की पुलिस और NHAI की पेट्रोलिंग टीम राहत एवं बचाव कार्य में जुट गई तथा सभी को निकाला।
यह भी पढ़ें - प्रेमी के साथ भागने के लिए घर से निकली युवती और परिजनों को लग गई भनक, पीछा करने के बाद जो हुआ वह तो...
घटना के संबंध में स्थानीय लोगों ने बताया कि तड़के करीब 3 बजे के आसपास अचानक जोरदार आवाज आई। जब हमलोग मौके पर पहुंचे तो बस और ट्रक की टक्कर हो चुकी थी और बस बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया था। हमलोगों ने आनन फानन में डायल 112 पर मामले की जानकारी देते हुए लोगों को बस से निकालने में जुट गए। भारी मशक्कत के बाद लोगों को बस से निकाला और पुलिस की मदद से अस्पताल पहुँचाया। टक्कर में तीन यात्रियों की मौत हो गई जबकि दर्जनों यात्री जख्मी हो गए। वहीं मामले में पुलिस ने कहा कि यात्री बस और ट्रक में टक्कर हुई जिसमें तीन लोगों की मौत हो गई और दर्जनों यात्री जख्मी हो गए। फ़िलहाल शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
यह भी पढ़ें - पटना पहुंचे गिरिराज सिंह ने विपक्ष को धोया, SIR को लेकर चुनाव आयोग को भी.., तेजस्वी-ममता को तो...
कैमूर से प्रमोद कुमार की रिपोर्ट