पटना: बिहार चुनाव को लेकर महागठबंधन में सब कुछ ठीक होने का दावा तो किया जा रहा है लेकिन बावजूद इसके राजनीतिक महकमे में कांग्रेस को विफल बताया जा रहा है। राजनीति के जानकारों की मानें तो कांग्रेस ने अपनी रणनीति पर काम तो किया लेकिन अंत में जा कर उसे लालू-तेजस्वी की रणनीति के आगे झुकना पड़ा। कांग्रेस बिहार चुनाव में मजबूत सीटें लेने में तो विफल रही ही साथ ही अपनी दो सीटिंग सीटें भी लेने में विफल रही।
कांग्रेस की इस विफलता के पीछे प्रदेश अध्यक्ष राजेश राम और बिहार प्रभारी कृष्णा अल्लावारू को जिम्मेवार बताया जा रहा है जिसके बाद पार्टी आलाकमान ने बड़ा फैसला लिया है। पार्टी ने अब कांग्रेस महासचिव और वरिष्ठ नेता अविनाश पांडेय को बड़ी जिम्मेदारी दी है। जिम्मेदारी मिलते ही अविनाश पांडेय बिहार पहुंच भी गए और पटना में एक प्रेस वार्ता की। इससे पहले शुक्रवार को उ न्होंने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर इस बात की जानकारी दी।
सोशल मीडिया पर दी जानकारी
अविनाश पांडेय ने अपने सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा कि 'कल से बिहार प्रवास पर रहूँगा, जहाँ आगामी चुनावों के लिए संगठनात्मक समन्वय और रणनीति निर्माण की ज़िम्मेदारी संभालूंगा। यह केवल एक चुनाव नहीं, बल्कि बिहार की दिशा और दशा तय करने वाला निर्णायक अवसर है। एनडीए सरकार ने राज्य को बेरोज़गारी, पलायन और विकासहीनता की ओर धकेला है — अब जनता परिवर्तन के लिए तैयार है। राहुल गांधी जी के नेतृत्व में कांग्रेस एक बार फिर जनआकांक्षाओं का केंद्र बनकर उभर रही है। हमारा उद्देश्य स्पष्ट है — संगठन को सशक्त करना, कार्यकर्ताओं के उत्साह को दिशा देना और बिहार में कांग्रेस की विजय सुनिश्चित करना। विश्वास है, कांग्रेस कार्यकर्ताओं के सामूहिक परिश्रम और जनता के समर्थन से इस बार बिहार बदलाव की मिसाल बनेगा।
कांग्रेस ने गठबंधन में खो दी सीटिंग सीट
बता दें कि बिहार में टिकट बंटवारे से नाराज कई नेताओं ने बिहार कांग्रेस प्रभारी कृष्णा अल्लावारू और प्रदेश अध्यक्ष राजेश राम पर पैसे लेकर टिकट बेचने का आरोप लगाया था साथ ही जमीनी कार्यकर्ताओं को तरजीह नहीं देने का भी आरोप लगाया था। इसके साथ ही दोनों नेताओं का समन्वय भी महागठबंधन में ठीक से नहीं हो सका और पार्टी अपनी दो सीटिंग सीट तक खो दी।
कौन हैं अविनाश पांडेय
कांग्रेस महासचिव और वरिष्ठ नेता अविनाश पांडेय मूल रूप से महाराष्ट्र के नागपुर के रहने वाले हैं साथ ही वे देश के एक जाने माने वकील भी हैं। वे महाराष्ट्र विधान परिषद के सदस्य रहने के साथ ही 2010 में राज्यसभा के सदस्य भी रह चुके हैं। उत्तर प्रदेश में 2023 में कांग्रेस ने उन्हें प्रभारी महासचिव बनाया था जिसके बाद लोकसभा चुनाव के दौरान पार्टी ने उत्तर प्रदेश में बेहतर प्रदर्शन किया।
पटना में किया प्रेस कांफ्रेंस
पटना में प्रेस कांफ्रेंस को संबोधित करते हुए कांग्रेस नेता अविनाश पांडेय ने केंद्र सरकार और NDA पर जम कर हमला बोला। उन्होंने कहा कि छठ महापर्व पर भी केंद्र की सरकार ने बिहार के लोगों का अपमान किया है। केंद्र की सरकार 13 हजार ट्रेनें चलाने का दावा किया जबकि प्रधानमंत्री ने सिर्फ छठ के अवसर पर 12 हजार ट्रेनें चलाने की बात कही फिर भी लोग ट्रेन की शौचालय में बैठ कर यात्रा करने को मजबूर हैं।