पटना: बिहार संस्कृत शिक्षा बोर्ड आयोजित मध्यमा परीक्षा के सुचारू एवं शांतिपूर्ण संचालन को लेकर बोर्ड कार्यालय में एक बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता बोर्ड के अध्यक्ष मृत्युंजय कुमार झा ने की। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों के साथ परीक्षा की तैयारी, परीक्षा केन्द्रों की व्यवस्था और पारदर्शी संचालन को लेकर विचार विमर्श किया गया। बैठक में अधिकारियों ने बताया कि मध्यमा परीक्षा 16 मार्च से 19 मार्च तक आयोजित की जाएगी। परीक्षा प्रतिदिन दो पालियों में आयोजित की जाएगी।
बैठक को संबोधित करते हुए अध्यक्ष मृत्युंजय कुमार झा ने कहा कि परीक्षा की शुचिता और पारदर्शिता को सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए कहा कि परीक्षा को कदाचारमुक्त और शांतिपूर्ण एवं अनुशासित वातावरण में संपन्न करना बोर्ड की प्राथमिक जिम्मेदारी है। इसके लिए सभी परीक्षा केन्द्रों पर आवश्यक प्रशासनिक व्यवस्था सुनिश्चित करें। बैठक में परीक्षा की विशेष निगरानी के लिए पर्यवेक्षकों की नियुक्ति का निर्णय लिया गया। बोर्ड के अध्यक्ष मृत्युंजय झा ने निर्देश दिया कि परीक्षा केन्द्रों पर परीक्षार्थियों के प्रवेश, बैठने की व्यवस्था, प्रश्नपत्रों की सुरक्षा तथा उत्तर पुस्तिकाओं के संकलन में पूर्ण सतर्कता बरती जाये।
यह भी पढ़ें - राजनीतिक पारी की शुरुआत के साथ ही निशांत पहुंचे पैतृक गांव, ग्रामीणों से मुलाकात कर...
बैठक के दौरान अधिकारियों ने बोर्ड अध्यक्ष को भरोसा दिलाया कि सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई है तथा परीक्षा कदाचारमुक्त वातावरण में आयोजित करवाए जाने की व्यवस्था कर ली गई है। इसके साथ ही सभी केन्द्राधीक्षकों से भी अपील की गई कि सामूहिक प्रयास से ही यह परीक्षा सफलतापुर्वक कदाचारमुक्त, शांतिपूर्ण ढंग से संचालित हो पायेगा।
बैठक के दौरान यह भी स्पष्ट किया गया कि इस वर्ष मध्यमा परीक्षा में 23612 परीक्षार्थी शामिल हो रहे हैं। इसके लिए बिहार में कुल 59 परीक्षा केंद्र बनाये गए हैं। इसके साथ ही पटना स्थित दो मूल्यांकन केन्द्रों पर 28 मार्च से कॉपी जांच की जाएगी जबकि परीक्षाफल अप्रैल के दूसरे सप्ताह तक किया जा सकता है। बैठक में विधान पार्षद निवेदिता सिंह, विधायक विनय कुमार चौधरी, दुर्गेश कुमार राय, चन्द्र किशोर कुमार, धनेश्वर प्रसाद कुशवाहा, अनुरंजन झा, अरूण कुमार झा, कुलपति, कामेश्वर सिंह दरभंगा संस्कृत विश्वविद्यालय के प्रतिनिधि डॉ .शिवलोचन झा, बोर्ड के सचिव, नीरज कुमार एवं परीक्षा नियंत्रक, उपेन्द्र कुमार उपस्थित हुए।
यह भी पढ़ें - SVU की टीम पहुंची तो 32 लाख रूपये नकद के साथ फेंके डेढ़ करोड़ के जेवर, करोड़ों के निवेश के कागजात भी...