पटना: राजधानी पटना में एक तरफ पुलिस अपराध नियंत्रण के लिए कार्रवाई करती है तो दूसरी तरफ अपराधी लगातार एक से एक नए आपराधिक घटनाओं को अंजाम देने में लगे हैं। इसी कड़ी में पुलिस ने राजधानी पटना में मोबाइल छिनतई करने वाले एक गिरोह का उद्भेदन करते हुए चार बदमाशों को गिरफ्तार किया है वहीँ 55 मोबाइल फोन बरामद किया है। बताया जा रहा है कि राजधानी पटना समेत विभिन्न जिलों से छिनतई किये गए मोबाइल को नेपाल ले जा कर बेचा जाता है।
मामले में पटना सिटी एसपी सेंट्रल दीक्षा ने बताया कि सोमवार को सचिवालय थाना की पुलिस को सूचना मिली थी कि सचिवालय हॉल्ट के समीप मोबाइल छिनतई करने वाले गिरोह के कुछ सदस्य घूम रहे हैं। सूचना के आधार पर सचिवालय एसडीपीओ 1 के नेतृत्व में एक टीम बना कर सचिवालय हॉल्ट की घेराबंदी कर दो संदिग्ध को पकड़ा गया। उनके पास मौजूद बैग की तलाशी लिए जाने पर कुल 22 मोबाइल फोन बरामद किये गए। दोनों से पुलिस ने पूछताछ कर पटना और पूर्वी चंपारण के रक्सौल में छापेमारी की गई जहां से दो अन्य बदमाशों को भी गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार बदमाशों की पहचान पटना के रवि कुमार, वैशाली के महुआ थाना क्षेत्र न निवासी रौशन कुमार राय, पूर्वी चंपारण के चिरैया थाना क्षेत्र निवासी साजन कुमार एवं आदित्य कुमार उर्फ़ चीकू के रूप में की गई।
यह भी पढ़ें - JDU नेता के साथ दिखे RJD MLA फैसल रहमान, पार्टी बदलने के नाम पर कहा...
पटना और पूर्वी चंपारण के रक्सौल में पकड़ाए बदमाशों के पास से भी कुल 33 मोबाइल फोन बरामद किया गया। सभी बदमाशों से पुलिस ने सख्ती से पूछताछ की जिसके बाद इन लोगों ने बताया ये लोग राजधानी पटना समेत बिहार के विभिन्न जगहों पर मोबाइल फोन की छिनतई करते थे और फिर उसे नेपाल में ले जा कर बेचते थे। आरोपियों ने बताया कि छिनतई के मोबाइल रक्सौल में भी बेचे जाते थे साथ ही वहीं से नेपाल सप्लाई किये जाते थे। नेपाल में स्मार्टफोन और आईफोन की काफी मांग होती थी जहां ये लोग बेचते थे। फ़िलहाल पुलिस सभी आरोपियों से पूछताछ कर रही है साथ ही उनकी निशानदेही पर गिरोह के अन्य सदस्यों की पहचान करने में जुटी हुई है।
यह भी पढ़ें - नालंदा में महिला के साथ अश्लील हरकत मामले में पुलिस सख्त, अब तक 8 गिरफ्तार, DGP ने कहा...
पटना से चंदन तिवारी की रिपोर्ट




