पटना: बिहार में नई सरकार के गठन के बाद भ्रष्टाचार पर लगातार कार्रवाई की जा रही है। हालांकि अब तक निगरानी विभाग भ्रष्ट सरकारी कर्मियों के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार कर रहा था तो अब एक जनप्रतिनिधि भी घूस लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार हो गये। नल जल योजना में चार अनुरक्षकों का मानदेय भुगतान के एवज में मुखिया ने रिश्वत की मांग की थी। गिरफ्तार मुखिया को निगरानी की टीम अपने साथ ले गई और उन्हें विशेष निगरानी कोर्ट में पेश किया जायेगा।
यह भी पढ़ें - 41 नहीं बल्कि हमें मिलेगा इतना वोट..., तेजस्वी के आवास पर महागठबंधन की बैठक के बाद विधायकों ने कहा...
मामले की जानकारी देते हुए निगरानी अन्वेषण ब्यूरो के डीएसपी शिव कुमार साह ने बताया कि सीतामढ़ी के रुन्नीसैदपुर थाना क्षेत्र के कोदनिया गांव निवासी आनंद पासवान ने निगरानी अन्वेषण ब्यूरो में शिकायत दर्ज कराई थी कि नल जल योजना के चार अनुरक्षकों का मानदेय भुगतान किये जाने के पश्चात् और आगामी क़िस्त दिए जाने के एवज में रिश्वत की मांग की जा रही है। सूचना के आधार पर एक टीम गठित कर छापेमारी की गई और सीतामढ़ी डुमरा कोर्ट कैंपस के बगल में एक भोजनालय में 16 हजार रूपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार मुखिया सीतामढ़ी के कौड़िया लालपुर पंचायत के मुखिया अवधेश साह हैं जिन्हें भ्रष्टाचार के आरोप में निगरानी अन्वेषण ब्यूरो ने गिरफ्तार कर लिया। अब उन्हें विशेष निगरानी कोर्ट में पेश किया जायेगा।
यह भी पढ़ें - पार्टी में एंट्री के बाद लगातार सक्रिय हैं निशांत, पहुंचे दादा के पास और लिया...