पटना: बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर सीट शेयरिंग पर दिल्ली में मंथन और घोषणा के बाद अब NDA के नेता एकसाथ पटना पहुंचे हैं। जदयू के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष दिलीप जायसवाल, केंद्रीय मंत्री ललन सिंह, उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, विजय सिन्हा, बिहार में मंत्री मंगल पांडेय समेत सभी नेता एक साथ दिल्ली से पटना पहुंचे।
आज से NDA करेगा उम्मीदवारों की घोषणा
पटना आगमन के बाद भाजपा प्रदेश अध्यक्ष दिलीप जायसवाल ने कहा कि NDA गठबंधन ने अपने सीट शेयरिंग की घोषणा कर दी है। मैं पहले से कह रहा हूं कि पांच पांडव चट्टानी एकता के साथ चुनाव में जाएंगे। आज शाम से हमलोग अपने उम्मीदवारों की घोषणा भी शुरू करेंगे। इस दौरान उन्होंने जीतन राम मांझी और उपेंद्र कुशवाहा के बयान से नुकसान के सवाल पर कहा कि ऐसी कोई बात नहीं है। उन्होंने कहा है कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में एकजुट हो कर हमलोग चुनाव में जाएंगे।
हम सफलतापूर्वक बनाएंगे सरकार
पटना एयरपोर्ट पर मीडिया से बात करते हुए उप मुख्यमंत्री विजय सिन्हा ने कहा कि NDA गठबंधन पूरी तरह से सबकी सहमति के आधार पर मजबूती से सफलतापूर्वक बिहार के जनता के हित में निर्णय लिया है और यह सफल रहेगा। बिहार में हम भारी बहुमत से सरकार बनाएंगे और बिहार के विकास की गति भी तेज होगी। उन्होंने जीतन राम मांझी की नाराजगी पर कहा कि मांझी जी कोई नाराज नहीं हैं, उन्होंने साफ साफ कहा कि हम अपने नेतृत्व के साथ हैं।
NDA सहज है
मीडिया से बात करते हुए उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि सीटों पर समझौता हो गया है। NDA पूरी तरह से सहज है और अब हम आपस में बात कर उम्मीदवार की घोषणा करेंगे।