नई दिल्ली: बिहार की राजधानी पटना के बांकीपुर विधानसभा के विधायक और बिहार सरकार में पूर्व मंत्री नितिन नबीन ने सोमवार को राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में स्थित भाजपा मुख्यालय में पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष पद के चुनाव के लिए अपना नामांकन दाखिल कर दिया है। नितिन नबीन सोमवार को जब अपना नामांकन दाखिल करने मुख्यालय पहुंचे तो उनके साथ गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, जेपी नड्डा, हरदीप सिंह पूरी, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ समेत कई राज्यों के मुख्यमंत्री, राज्य इकाइयों के अध्यक्ष, सांसद और अन्य नेता भी मौजूद थे। गृह मंत्री अमित शाह और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह नितिन नबीन के प्रस्तावक बने।
नामांकन के दौरान मौजूद रहे पार्टी के कई दिग्गज नेता
अब मंगलवार को पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष के नाम की घोषणा की जाएगी। इस अवसर पर बिहार, दिल्ली समेत अन्य राज्यों के भी भारी संख्या में कार्यकर्ता और नेता मौजूद थे। पार्टी ने राष्ट्रीय अध्यक्ष के चुनाव में सांगठनिक एकजुटता और मजबूती को दिखाने की कोशिश की है। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष पद के लिए नामांकन में नितिन नबीन के प्रस्तावक और अनुमोदकों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय मंत्रिमंडल के सदस्य, भाजपा शासित राज्यों के मुख्यमंत्री, प्रदेश अध्यक्ष और पार्टी के वरिष्ठ नेता शामिल हुए। बताया जा रहा है कि नामांकन के लिए कुल 30 सेट तैयार किये गए हैं जिनमे करीब 600 नेता प्रस्तावक और अनुमोदक के तौर पर शामिल हुए।
यह भी पढ़ें - नितिन ही बनेंगे BJP के 'नबीन' बॉस, PM मोदी बनेंगे प्रस्तावक साथ ही...
कल हो सकती है घोषणा
पार्टी सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार नामांकन का प्रोसेस पूरा होने के बाद शाम 4 से 5 बजे तक नामांकन पत्रों की जांच की जाएगी इसके बाद 5 से 6 बजे तक नामांकन वापस लेने का समय रखा गया है वहीं शाम 6:30 बजे राष्ट्रीय चुनाव अधिकारी प्रेस को संबोधित करते हुए स्थितियों की जानकारी देंगे। इसके बाद 20 जनवरी को इसका अंतिम चरण होगा जिसके तहत सुबह 11:30 बजे से 01:30 बजे तक आधिकारिक घोषणा की जाएगी। जरूरत पड़ने पर मतदान भी इसी दौरान कराए जायेंगे। बता दें कि नितिन नबीन पटना के बांकीपुर विधानसभा से विधायक है। इससे पहले वे बिहार सरकार में मंत्री भी थे।
कौन हैं नितिन नबीन
बता दें कि नितिन नबीन जेपी आंदोलन से राजनीति शुरू करने वाले बिहार के दिग्गज नेता दिवंगत नवीन सिन्हा के बेटे हैं जिन्होंने अपने पिता के निधन के बाद राजनीति में कदम रखा। पिता की सीट पर उन्होंने पहली बार उपचुनाव में जीत हासिल की और फिर पांच बार वे विधायक बने। उन्हें राज्य की सरकार में तीन बार मंत्री भी बनाया गया। इस दौरान वर्ष 2016 में उन्हें भाजपा युवा मोर्चा का प्रदेश अध्यक्ष भी बनाया गया था। लगातार मेहनत और अपने काम के बदौलत नितिन नबीन पार्टी में अपनी जगह बनाते गए और आज वे पार्टी के सर्वोच्च पद तक पहुंचे हैं। यह पहली बार है जब बिहार या पूर्वोत्तर भारत से किसी व्यक्ति को भाजपा का राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाया जा रहा है।
यह भी पढ़ें - निशांत बनेंगे मुख्यमंत्री? कांग्रेस ने दिया अपनी पार्टी में आने का ऑफर तो राजद ने...