Join Us On WhatsApp

आखिरकार पुलिस ने पप्पू यादव को कर ही लिया गिरफ्तार, समर्थकों ने जम कर किया हंगामा और धक्का मुक्की भी...

पूर्णिया के सांसद पप्पू यादव को 30 वर्ष पुराने एक मामले में पुलिस ने पटना आवास से गिरफ्तार कर लिया। इस दौरान पप्पू यादव के सैकड़ों समर्थकों ने जम कर नारेबाजी और हंगामा किया तथा पुलिस के साथ धक्का मुक्की भी की....

Pappu Yadav arrested
आखिरकार पुलिस ने पप्पू यादव को कर ही लिया गिरफ्तार, समर्थकों ने जम कर किया हंगामा और धक्का मुक्की भी- फोटो : Darsh News

पटना: करीब 30 वर्ष पुराने एक मामले में पटना पुलिस ने भारी हंगामा के बीच पूर्णिया के सांसद पप्पू यादव को गिरफ्तार कर लिया। इस दौरान सांसद पप्पू यादव के सैकड़ों समर्थकों ने जम कर हंगामा किया। हंगामे के दौरान पुलिस और सांसद के समर्थकों के बीच धक्का मुक्की भी हुई। सांसद पप्पू यादव के समर्थकों के हंगामे के बावजूद पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया। इस दौरान पटना सिटी एसपी पश्चिमी भानू प्रताप सिंह के नेतृत्व में गर्दनीबाग थाना, कोतवाली, बुद्धा कॉलोनी थाना समेत कई थाना की पुलिस के साथ भारी संख्या में पुलिस बल भी मौजूद थी। पुलिस उन्हें गिरफ्तार कर मेडिकल जांच के लिए IGIMS लेकर गई जहां मेडिकल जांच कराई गई। 

पुलिस पर लगाए गंभीर आरोप

गिरफ्तारी से पहले मीडिया से बात करते हुए सांसद पप्पू यादव ने पुलिस पर कई गंभीर आरोप लगाए। पप्पू यादव ने कहा कि कोर्ट के आदेश के बाद मै संसद की कार्यवाही छोड़ पेश होने के लिए देर शाम दिल्ली से पटना आया हूं। मेरे आवास पर पहुंचने के कुछ देर बाद ही सिविल ड्रेस में कुछ पुलिसकर्मी पहुंचे और आदेश देने वाले लहजे में कहा कि आपके विरुद्ध गिरफ्तारी वारंट है, चलिए उठिए थाना चलना है। पप्पू यादव ने आरोप लगाया कि मैने सोचा कि किसी काम से मिलने के लिए लोग आए हैं तो मैने उन्हें बैठने के लिए कहा लेकिन बाद में पता चला कि ये लोग पुलिसकर्मी हैं। मुझे शक है पुलिस मेरी हत्या करना चाहती है इसलिए सिविल ड्रेस में मेरे आवास पर पहुंची है और अगर मैं इनके साथ चला जाता तो शायद मेरी हत्या की जा सकती थी। इस दौरान उन्होंने सत्ता पक्ष के द्वारा साजिश के आरोप के सवाल पर कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को मैं जानता हूं, वह ऐसा नहीं कर सकते हैं और मुझे नहीं लगता है कि सम्राट चौधरी भी ऐसा कुछ करेंगे।

यह भी पढ़ें    -     30 वर्ष पुराने मामले में पूर्णिया के सांसद पप्पू यादव को पुलिस ने किया गिरफ्तार, सिटी SP के साथ पहुंची थी कई थाने की पुलिस

आवाज उठाने का मिल रहा इनाम

पप्पू यादव ने पुलिस पर आरोप लगाते हुए कहा कि मैं नीट छात्रा मामले में बढ़चढ़ कर आवाज उठा रहा हूं इसलिए पटना पुलिस मेरे खिलाफ साजिश कर रही है। इसी मामले में अभी दो दिन बाद धरना का कार्यक्रम है और पुलिस नहीं चाहती है कि धरना प्रदर्शन हो इसलिए मुझे रास्ते से हटाने के लिए इस तरह की साजिश कर रही है। उन्होंने कहा कि यह मामला जिसमें मुझे गिरफ्तार करने पुलिस आई है वह करीब 30 वर्ष पुराना है। उस मामले में मैं बेल पर हूं, अभी हाल ही में कोर्ट ने कुर्की का आदेश जारी किया है तो कोर्ट ने जिस संपत्ति के कुर्की का आदेश जारी किया है वहां जा कर ये लोग कार्रवाई करें लेकिन ये साजिश के तहत मेरी आवाज बंद करना चाहते हैं और यही कारण है मुझे परेशान करने के लिए देर रात पुलिस मेरे घर पहुंची है। पप्पू यादव ने कहा कि मैने कोरोना समय में लोगों की सेवा की तो उस वक्त भी मुझे इनाम में पुलिसिया कार्रवाई मिली और अभी मैं बिहार की बेटी के लिए आवाज उठा रहा हूं तो एक बार फिर मुझे इनाम दी जा रही है। 

नियम के तहत हुई गिरफ्तारी - सिटी एसपी वेस्ट

इस दौरान मीडिया से बात करते हुए पटना सिटी एसपी पश्चिमी भानू प्रताप सिंह ने कहा कि करीब 30 वर्ष पुराने एक मामले में पूर्णिया के सांसद पप्पू यादव को विधिवत गिरफ्तार किया गया है। पुलिस कोर्ट के द्वारा निर्गत गिरफ्तारी वारंट के आधार पर ही सांसद को गिरफ्तार करने पहुंची है और पुलिस सारे नियमों के तहत ही कार्रवाई कर रही है। इस दौरान पप्पू यादव की तबियत खराब होने के सवाल पर एसपी ने कहा कि सांसद ने तबियत खराब होने और दवा लेने की बात कही है। फिलहाल पुलिस सबसे पहले सांसद का मेडिकल जांच करवाएगी और कल सुबह उन्हें कोर्ट में पेश किया जायेगा। सांसद की तबियत खराब होने के मामले में उन्हें नियम के अनुसार वह सारी दवाएं दी जाएंगी जो डॉक्टर ने सलाह दी है। साथ ही उनका ख्याल रखने के लिए एक केयर टेकर को भी साथ में रखा गया है।

यह भी पढ़ें     -    पूर्णिया के सांसद पप्पू यादव के घर पहुंची कई थाना की पुलिस, 30 वर्ष पुराने मामले में दो दिन पहले ही...

पटना से चंदन तिवारी की रिपोर्ट

Scan and join

darsh news whats app qr
Join Us On WhatsApp