पटना: बिहार में इन दिनों अपराध नियंत्रण के लिए पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। इस कार्रवाई के दौरान पुलिस अपराधियों को गिरफ्तार कर रही है और जरूरत पड़ने पर अपराधियों को गोली मारने से भी परहेज नहीं कर रही। एक बार फिर पटना की पुलिस ने मुठभेड़ में एक अपराधी को गोली मारी साथ ही भारी मात्रा में हथियार भी बरामद किया है। पुलिस ने यह एनकाउंटर पटना के पंडारक थाना क्षेत्र के दियारा इलाके में की जहां ताबड़तोड़ फायरिंग से पूरा इलाका दहल उठा।
बाढ़ के SDPO आनंद कुमार सिंह ने बताया कि गुप सूचना मिली थी कि कुछ अपराधी पंडारक के दियारा क्षेत्र में फसल की जबरन कटाई करने के इरादे से हथियार के साथ पहुंचे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस और STF की एक टीम कार्रवाई करने के लिए पहुंची जहां घेराबंदी करते ही अपराधियों ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। अपराधियों के द्वारा फायरिंग के बाद पुलिस ने भी जवाबी फायरिंग की और इस दौरान दोनों तरफ से कई गोलियां चलीं।
यह भी पढ़ें - UPSC परीक्षा में टॉप करने का दावा करने पर जिस थानाध्यक्ष ने किया था सम्मानित अब उसी ने भेज दिया जेल, यह है मामला
दोनों तरफ से ताबड़तोड़ फायरिंग में पुलिस की तरफ से कोई हताहत नहीं हुआ जबकि एक अपराधी के पैर में गोली लगी है। पुलिस ने घायल अपराधी समेत 5 अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया साथ ही उनके पास से चार हथियार भी बरामद कर लिया है। इसके साथ ही पुलिस FSL की मदद से साक्ष्य इकठ्ठा करने में जुट गई। पुलिस की इस कार्रवाई के बाद से स्थानीय लोगों ने राहत की साँस ली।
यह भी पढ़ें - NDA की जीत के लिए BJP अध्यक्ष ने जनता को कहा धन्यवाद, खरीद फरोख्त के आरोप पर रामनाथ ठाकुर ने...
पटना से कृष्णदेव की रिपोर्ट