गया जी: बिहार के गया जी में पितृपक्ष मेला चल रहा है जहां देश और विदेश से लोग पहुंच कर अपने पितरों को पिंडदान कर रहे हैं। इस दौरान गया जी में खास शख्शियत भी अपने पितरों की आत्मा की शांति के लिए पिंडदान करने पहुंच रहे हैं। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू शनिवार को पिंडदान करने के लिए गया जी पहुंची। राष्ट्रपति के आगमन को लेकर गया जी में सुरक्षा व्यवस्था चाक चौबंद की गई थी वहीं दूसरी तरफ VVIP दौरा को लेकर विष्णुपद मंदिर में भी खास व्यवस्था की गई थी। गया जी पहुंचने के बाद राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने अपने पितरों की आत्मा की शांति के लिए विधि विधान से पिंडदान किया। उन्होंने विष्णुपद मंदिर, देवघाट और अक्षयवट में पिंडदान का कर्मकांड पूरा किया। गया जी के पुरानटी राजेश लाल कटारिया ने उनका कर्मकाण्ड विधि विधान से करवाया।
राज्यपाल नहीं गए विष्णुपद मंदिर परिसर में
विष्णुपद प्रबंधकारिणी समिति के अध्यक्ष शंभूशरण विट्ठल ने बताया कि राष्ट्रपति जी आई थी। उनका कर्मकाण्ड उनके उड़ीसा के पुरोहितों ने विधि विधान से कराया और फिर फल्गु नदी में प्रवाह करवाया। उन्होंने बताया कि राष्ट्रपति ने अपने माता पिता, सास ससुर और अपने स्वर्गवासी पुत्र को पिंड अर्पण किया। उन्होंने बताया कि राष्ट्रपति के आगमन को लेकर बिहार के राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान भी आए थे और वे जानते हैं कि विष्णुपद मंदिर में गैर हिंदुओं का प्रवेश निषेध है तो राज्यपाल ने राष्ट्रपति को बाहर ही स्वागत किया और मेला समिति के कार्यालय में बैठे।