पटना: ईरान और अमेरिका-इजरायल के बीच युद्ध की वजह से मध्य पूर्व एशिया में तनाव का असर कई देशों पर पड़ता हुआ दिखाई दे रहा है। इसका असर अब भारत की रसोई पर भी होने की आशंका बताई जा रही है। युद्ध की वजह से बिहार में भी गैस और पेट्रोल डीजल की कमी की बात सामने आते ही लोगों की भीड़ रसोई गैस एजेंसी पर लगने लगी है। लोग गैस खत्म होने से पहले अपने घरों में गैस का स्टॉक करने की कोशिश करते दिख रहे हैं और इसकी वजह से एक तरफ लोगों में उहापोह की स्थिति देखी जा रही है तो दूसरी तरफ गैस एजेंसियों में भीड़ भी।
राजधानी पटना में भी कई जगहों पर गैस और पेट्रोल-डीजल स्टॉक करने के लिए लोग परेशान दिख रहे हैं और जगह जगह पर भीड़ जमा हो रही है। हालांकि अभी राज्य में सरकार या पटना जिला प्रशासन ने किसी भी तरह से इंधन की कमी से इंकार किया है और लोगों को आश्वस्त किया है कि इंधन की कमी नहीं होने दी जाएगी लेकिन लोगों का कहना है कि आखिर कमी है तभी तो पेट्रोलियम कंपनियों ने 25 दिनों की बाध्यता गैस बुकिंग के लिए जारी किया है। अगर इस तरह की स्थिति नहीं होती तो फिर अचानक 25 दिन के अंतर की बाध्यता की आवश्यकता क्यों पड़ी।
यह भी पढ़ें - अररिया से भी CM नीतीश ने लालू परिवार पर बोला हमला, बताई अपनी सरकार की उपलब्धि और आगे की योजना..
हालांकि इस मामले में जिला प्रशासन ने लोगों को जानकारी दी है कि फ़िलहाल पटना या बिहार में किसी तरह के इंधन की कोई कमी नहीं है। प्रशासन ने लोगों से भी अपील की कि किसी तरह के अफवाहों पर ध्यान न दें वहीं स्थानीय प्रशासन को अफवाह फ़ैलाने वाले लोगों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करने का भी निर्देश दिया है। वहीं लोगों ने कहा कि एजेंसी में लोग कह रहे हैं कि गैस आएगा तो मिल जायेगा। अभी हमने 15 दिन पहले लिया था और आज पहुंचे हैं तो एजेंसी में कह रहे हैं कि आपको 25 दिन के बाद ही गैस मिल पायेगा। वहीं एक अन्य व्यक्ति ने कहा कि कमर्शियल गैस के लिए हम आये थे लेकिन यहां कहा जा रहा है कि कमर्शियल गैस का मूल्य बढ़ गया है और एजेंसी में कहा जा रहा है कि जब सरकार के तरफ से मिलेगा तभी मिलेगा।
वहीं कुछ लोगों ने कहा कि हम पिछले दो तीन दिनों से गैस बुक करने की कोशिश कर रहे हैं लेकिन वह हो नहीं रहा है। ऐसा लगता है कि गैस बुकिंग का सिस्टम ही बंद हो गया है। हम लोगों को लगता है कि गैस को लेकर परेशानी काफी बढ़ गयी है। गैस का दाम भी बढ़ गया है लेकिन हम तो पहले अपना चूल्हा देखेंगे फिर बाद में दाम देखेंगे। अब प्रधानमंत्री क्या कर रहे हैं यह तो हमलोग को देखना ही होगा। सभी खाने पीने की चीजें और दुकानें बंद होने लगी हैं।
यह भी पढ़ें - अरे, कहाँ इधर उधर चले आप, चुपचाप बैठिये, अररिया में भाषण के बीच अचानक सीएम नीतीश ने लोगों को...
वहीं मामले में गैस एजेंसी के कर्मी ने बताया कि कहीं गैस का कोई किल्लत नहीं है। लोग अपना बुकिंग करें, उन्हें दो से तीन दिनों के अंदर गैस मिल जायेगा। सिस्टम में एक बदलाव जरुर किया गया है कि पिछले डिलीवरी से 25 दिन के बाद ही गैस बुक किया जा सकता है, डिलीवरी से 25 दिनों के अंदर किसी भी व्यक्ति को गैस नहीं मिलेगा। सरकार ने फ़िलहाल यह नियम बना दिया है और उसका पालन करना होगा। जो लोग सरकार के इस नियम का पालन कर रहे हैं उन्हें आसानी से गैस मिल रहा है और जो इसका पालन नहीं कर रहे हैं सिर्फ वही लोग परेशान हो रहे हैं। हमारे पास गैस की गाड़ी आ रही है और हमलोग सप्लाई भी कर रहे हैं। इस दौरान उन्होंने बताया कि अंतरराष्ट्रीय स्थिति को देखते हुए फ़िलहाल सरकार ने कमर्शियल गैस सप्लाई को रोक दिया है ताकि वह घरेलू उपयोग में लाया जा सके।
यह भी पढ़ें - खुद कार चला लॉन्ग ड्राइव पर निकले तेज प्रताप यादव, सोशल मीडिया पर लिखा 'खुली सड़क और...'
पटना से चंदन तिवारी की रिपोर्ट