पटना: बिहार विधानसभा चुनाव का मतदान समाप्त हो गया मतदान के बाद बिहार के मुख्य निर्वाचन अधिकारी विनोद सिंह गुंजियाल ने मंगलवार की शाम एक प्रेस वार्ता किया और जानकारी दी कि बिहार में मतदान सफलतापूर्वक संपन्न करा लिया गया है। उन्होंने बताया कि दूसरे चरण में 45 हजार 399 बूथ पर मतदान संपन्न हुआ जहाँ मतदाताओं की संख्या करीब 3.7 करोड़ है। द्वितीय चरण में अब तक प्राप्त जानकारी के अनुसार 68.79 प्रतिशत मतदान हुआ है जबकि करीब 2 हजार बूथ का डाटा अभी तक नहीं मिला है। उन्होंने कहा दोनों चरण का औसत मतदान प्रतिशत 66.90 प्रतिशत रहा है जो कि पिछले विधानसभा चुनाव से लगभग 9.6 प्रतिशत अधिक है।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि इस चरण में 1302 उम्मीदवार मैदान में थे जिनमें 136 महिला उम्मीदवार भी थी। इस चरण में 316 मॉडल मतदान केंद्र थे जबकि महिलाओं के द्वारा संचालित मतदान केन्द्रों की संख्या 91 थी। इस चरण में 100 प्रतिशत मतदान केन्द्रों का लाइव वेबकास्टिंग किया गया। मतदान के दौरान करीब 230 शिकायतें मिली जिसका ससमय निष्पादन किया गया। आज के दिन करीब 3.52 करोड़ की जब्ती हुई जिसमें 1.7 करोड़ रूपये के शराब और ड्रग और अन्य राशि के अन्य वस्तुएं जब्त की गई। आचार संहिता लागू होने के बाद अब तक करीब 127 करोड़ की जब्ती हो चुकी है।
द्वितीय चरण का मतदान काफी अच्छे से संपन्न हुआ है और कोई हिंसा की वारदात नहीं हुई। विधानसभा चुनाव के दोनों चरणों के मतदान में लगभग 2616 अभ्यर्थी मैदान में थे जबकि मतदाताओं की संख्या करीब 7.45 करोड़ थी। हमलोगों ने कई पहलें भी की थी जिसमें 100 प्रतिशत वेब कास्टिंग की गई थी। सभी मतदान केन्द्रों को जिला से लेकर हम यहां बैठ कर हर मतदान केंद्र को देख पा रहे थे। करीब 1592 नक्सल प्रभावित मतदान केंद्र जो पहले शिफ्ट किये जाते थे इस बार बगैर शिफ्ट किये सभी बूथों पर शांतिपूर्ण मतदान कराया गया। इस बार मतदान सामग्री के लिए हमलोगों ने सिस्टेमेटिक ढंग से एक कैरी बैग में अलग अलग चेकलिस्ट के साथ उपलब्ध कराया था।
यह भी पढ़ें - तेजस्वी को मिलेगा ताज या फिर से बनेगी नीतीश की सरकार, रिकॉर्ड वोटिंग के साथ मतदान खत्म अब रिजल्ट का इंतजार...
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि पहली बार सभी बूथों पर मोबाइल जमा करने की सुविधा दी गई थी। नए तरीके से इस बार बैलेट पेपर तैयार किये गए थे जिसमें उम्मीदवार का फोटो कलर था और फॉण्ट भी बड़ा किया गया था। सभी मतदान केन्द्रों पर जिस वाहन से EVM भेजे गए थे उस सभी में GPS लगाया था इसके साथ ही करीब दो सौ मतदान केन्द्रों पर नाव से EVM पहुँचाया गया था तो उस नाव में भी GPS लगाये गए थे। उन्होंने बिहार के मतदाताओं को भी धन्यवाद कहा कि आपने बढचढ कर मतदान में भाग लिया और हमारा भी हर मामले में सहयोग किया। सभी बूथों पर मतदाताओं ने अनुशासन पूर्ण तरीके से मतदान किया। उन्होंने कहा कि SIR की प्रक्रिया भी बिहार में काफी अच्छे से हुई।
वहीं बिहार पुलिस के ADG कुंदन कृष्णन ने कहा कि बिहार चुनाव के दौरान सुरक्षा व्यवस्था काफी पुख्ता थी। केंद्र की कुल 1625 कंपनी के अलावे BMP और जिला पुलिस को लगाया गया था। इस बार ऐसे जगहों पर भी मतदान कराये गए जहां करीब दो दशक से मतदान नहीं हुए थे वहां भी कराये गए। ग्रामीणों ने इस बार ऐसे जगहों पर अपने गांव में वोट डाला है। ये सभी क्षेत्र नक्सल प्रभावित थे लेकिन पुलिस की पुख्ता सुरक्षा व्यवस्था के कारण अपने नियत बूथ पर मतदान हुआ। उन्होंने कहा कि कट्टरपंथी नक्सलवाद बिहार से खत्म हो चुकी है। बिहार की जनता ने निर्भीकता के साथ मतदान कर यह दिखा दिया है और कई नक्सल प्रभावित इलाकों में 70 से 80 प्रतिशत तक मतदान हुआ।
ADG कुंदन कृष्णन ने बताया कि पिछले 24 घंटों में 690 लोगों के विरुद्ध निरोधात्मक कार्रवाई की गई थी। अब तक 840 से अधिक हथियार बरामद किये गए हैं। यह सफलता दिखाता है कि यह हमारी पूर्व की तैयारी थी। यह सब स्थानीय पुलिस और केन्द्रीय बलों की वजह से संभव हो सका है।
यह भी पढ़ें - मतदान खत्म होते ही टूटने लगी कांग्रेस, दिग्गज नेता ने दिया इस्तीफा...