पटना। बिहार में भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई के तहत विशेष निगरानी इकाई ने आज बिहार मेडिकल सर्विसेज एंड इंफ्रास्ट्रक्चर कॉरपोरेशन लिमिटेड (BMSICL) के डीजीएम (प्रोजेक्ट) पंकज कुमार के खिलाफ बड़े पैमाने पर छापेमारी शुरू कर दी है। यह कार्रवाई आय से अधिक संपत्ति रखने के आरोपों के तहत की जा रही है।
विशेष निगरानी विभाग ने शिकायत दर्ज की गई है। आरोप है कि बिहार सरकार में विभिन्न पदों पर लगभग 11 साल तक कार्यरत रहते हुए उन्होंने अपनी वैध आय से कहीं अधिक संपत्ति अर्जित की। प्रारंभिक जांच में यह पता चला है कि उनके पास लगभग ₹96,46,666 की अवैध संपत्ति मौजूद है।
आज सुबह विशेष न्यायाधीश, निगरानी, पटना द्वारा जारी तलाशी वारंट के आधार पर पटना में पंकज कुमार के कार्यालय और आवासीय परिसरों में टीमों ने एक साथ छापेमारी शुरू की। छापेमारी में दस्तावेज, बैंक रिकॉर्ड, निवेश से जुड़े कागजात और अन्य सबूत जुटाने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
सूत्रों के अनुसार, छापेमारी केवल पटना तक सीमित नहीं है। आरोपी के अन्य परिसरों और संबद्ध स्थानों पर भी तलाशी जारी है। विभाग का कहना है कि यदि अन्य अवैध संपत्ति या संबंधित साक्ष्य मिलते हैं तो जांच और विस्तृत होगी।
इस कार्रवाई से प्रशासनिक और राजनीतिक क्षेत्र में हलचल मची हुई है। निगरानी विभाग ने कहा कि भ्रष्टाचार के मामलों में सख्ती बढ़ाई जा रही है और समय-समय पर और कार्रवाई की जाएगी। छापेमारी के दौरान जुटाए गए सबूतों की समीक्षा के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
इस मामले में जल्द ही बरामदगी, पूछताछ और संभावित गिरफ्तारी के बारे में विस्तृत जानकारी साझा की जाएगी।