पटना: बिहार की पांच राज्यसभा सीटों पर चुनाव को लेकर सियासी उथल पुथल का दौर जारी है। पांच में से 4 सीटों पर NDA की जीत तय है जबकि एक सीट पर महागठबंधन भी अपना दावा ठोक रहा है। इस एक सीट पर जीत के लिए NDA के नेता विधायक या किसी पार्टी का नाम लिये बगैर जीत दर्ज करने का दावा कर रहे हैं तो दूसरी तरफ महागठबंधन के नेता ओवैसी और मायावती की पार्टी के समर्थन से जीत का दावा कर रहे हैं। इन्हीं मुद्दों को लेकर मंगलवार को राजद के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष तेजस्वी यादव ने पार्टी विधायकों के साथ बैठक भी की थी।
बैठक के बाद राजद के सभी नेता और विधायकों ने ओवैसी के साथ आने का दावा किया था लेकिन उनकी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष अख्तरुल ईमान ने यह कह कर उन दावों की हवा निकाल दी थी कि उन्हें इस संबंध में कोई सूचना नहीं दी गई थी। इतना ही नहीं अख्तरुल ईमान ने यहां तक कह दिया था कि हमने जब तेजस्वी से बात करने की कोशिश की थी तो उन्होंने दिल्ली से पटना आने के बाद बात करने की बात कही थी लेकिन अब तक उन्होंने कोई बातचीत नहीं की। इसके बाद अब बुधवार को वह तेजस्वी यादव से मुलाकात करने उनके आवास पर पहुंचे।
यह भी पढ़ें - खुद कार चला लॉन्ग ड्राइव पर निकले तेज प्रताप यादव, सोशल मीडिया पर लिखा 'खुली सड़क और...'
दोनों नेताओं ने करीब एक घंटे से अधिक समय तक बातचीत की। बैठक से बाहर निकलने के बाद AIMIM के प्रदेश अध्यक्ष अख्तरुल ईमान ने कहा कि पॉजिटिव बातचीत हुई है। इस दौरान उन्होंने समर्थन देने के सवाल को टाल दिया और कहा कि अभी बातचीत पॉजिटिव हुई है। सारी बातें मैं अपनी पार्टी के प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी के सामने रखूंगा और उनके निर्णय के अनुसार आगे किया जायेगा। उन्होंने कहा कि आगामी 15 मार्च को हमने इफ्तार पार्टी रखी है और उसमें तेजस्वी यादव भी आयेंगे। उसी दिन हमलोग सारी बातें आपलोगों के सामने रखेंगे।
इसके साथ ही इस मामले में तेजस्वी यादव ने कहा कि सकारात्मक बातचीत हुई है। अब वे अपने राष्ट्रीय अध्यक्ष से बातचीत करेंगे साथ ही 15 मार्च को इफ्तार पार्टी में आने का मुझे निमंत्रण दिया है तो उसी दिन सारी बातें फाइनल होंगी। तेजस्वी ने ओवैसी के समर्थन मिलने के सवाल पर कहा कि यह निश्चित है कि भाजपा को हराने के लिए हमसब एकसाथ होंगे और ओवैसी की पार्टी का हमें समर्थन मिलेगा।
यह भी पढ़ें - अरे, कहाँ इधर उधर चले आप, चुपचाप बैठिये, अररिया में भाषण के बीच अचानक सीएम नीतीश ने लोगों को...