पटना: बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर राजधानी पटना में स्थित सदाकत आश्रम में कांग्रेस की एक बड़ी बैठक की गई। बैठक में राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, जयराम रमेश, छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, पश्चिम बंगाल के वरिष्ठ कांग्रेस नेता अधीर रंजन चौधरी, कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष राजेश राम, शकील अहमद खान, अखिलेश सिंह समेत अन्य नेता शामिल रहे। बैठक के बाद कांग्रेस नेताओं ने एक प्रेस वार्ता की। प्रेसवार्ता के दौरान 20 साल विनाशकाल नाम के एक पुस्तक का लोकार्पण किया गया। इसके बाद कांग्रेस नेता अशोक गहलोत ने प्रेस कांफ्रेंस को संबोधित करते हुए कहा कि 20 साल विनाशकाल नाम ही सबकुछ बताने के लिए काफी है। नीतीश कुमार ने खुद जिस तरह से इधर उधर किया उसी ने बिहार को विनाश के रास्ते पर धकेल दिया। इसके साथ ही बिहार में लगातार भ्रष्टाचार बढ़ता जा रहा है, कई मंत्रियों पर आरोप लगे लेकिन प्रधानमंत्री ने संकल्प ले लिया है कि किसी का इस्तीफा नहीं लेंगे।
भ्रष्टाचार के आरोप लग रहे हैं लेकिन इस पर कोई कार्रवाई नहीं हो रहे हैं। बिहार में शिक्षा, स्वास्थ्य की दुर्दशा है लेकिन इसमें कोई सुधार का प्रयास नहीं किया जा रहा है। उन्होंने CAG रिपोर्ट का हवाला देते हुए कहा कि बिहार 76 हजार करोड़ रूपये का कोई हिसाब ही नहीं मिल रहा है। CAG ने सरकार की पोल खोल दी है। यह सरकार निकम्मी और नकारा है जो केंद्र से मिले पैसे को भी खर्च नहीं कर पा रही है। घोटाले को निजी संपत्ति बना ली गई। उन्होने कहा कि मुझे आश्चर्य हो रहा है कि NCRB रिपोर्ट के अनुसार बिहार में अपराध का दर 323 प्रतिशत बढ़ गया है। प्रतिदिन करीब एक हजार आपराधिक घटनाएं घट रही है। बिहार में उद्योगपतियों की हत्या हो रही है, तीन करोड़ से अधिक लोग मजदूरी के लिए पलायन कर गए। रोजगार देने वाली सरकार के पलायन रोकने के सारे दावे फेल है। पूरे देश की सेवा बिहार कर रहा है, देश की पृष्ठभूमि में बिहार है लेकिन वही बिहार आज बर्बाद है।
यह भी पढ़ें - जनसुराज में प्रत्याशियों का नाम एलान होते ही भारी बवाल, हो गया हंगामा, आरसीपी सिंह पर भी लगाये कई गंभीर आरोप...
शिक्षा का व्यवस्था बहुत खराब है, स्कूलों में नामांकन का दर बहुत ही कम है। बिहार में परीक्षाओं में पेपर लीक हो रहा है। उन्होंने उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के डिग्री पर भी सवाल उठाया जबकि मंत्री जीवेश मिश्रा पर नकली दवा कारोबार का आरोपी बताते हुए कहा कि ज्यादा मैं नहीं बोलूँगा लेकिन आप खुद ही समझ सकते हैं। हमने राजस्थान में स्वास्थ्य विभाग की दशा और दिशा बदल दी जबकि बिहार में 60 प्रतिशत से अधिक पद अभी भी खाली हैं। 20 सालों में बिहार में शिक्षा और रोजगार में विफल रहा है जबकि अपराध और भ्रष्टाचार में काफी आगे बढ़ा है। अब जदयू-भाजपा हटाओ और बिहार बचाओ, इंडिया गठबंधन की जीत विकसित बिहार की गारंटी है।
इसके साथ ही कांग्रेस नेता भूपेश बघेल ने कहा कि यह धरती भगवान बुद्ध और ज्ञान की धरती है, भगवान महावीर और गुरु गोविंद सिंह की जन्मस्थली रही है। पूरी दुनिया को ज्ञान देने वाली धरती है, प्रजातंत्र की पाठशाल कहने पर भी कोई अतिश्योक्ति नहीं है लेकिन यहीं पर प्रजातंत्र का गला घोटा जा रहा है। गरीब लोगों को 100 दिनों का रोजगार देने की गारंटी मनरेगा बिहार में बंद है, किसानों की कोई फसल एमएसपी में नहीं खरीदी जा रही है। बिहार में पहले जो उद्योग थे वह सब बंद हो गए, नए उद्योग नहीं लगे, लोगों को नौकरी नहीं मिल रही। बिहार के विनाश के लिए 20 साल की NDA की सरकार जिम्मेदार है। आज बिहार की स्थिति भयावह है, यह बिहार की जनता सब देख रही है। आज NDA की सरकार ने दस हजार रूपये देने की बात की लेकिन माइक्रोफाइनेंस में एक करोड़ से अधिक महिलाएं फंसी हुई हैं जो महंगे दरों पर ऋण ली हुई हैं। यह दस हजार रूपये महिलाओं के हाथ में नहीं आये बल्कि उस ऋण में चले गए और यह दस हजार भी ऋण ही है। भाजपा पहले 75 वर्ष की उम्र में लोगों को रिटायर कर देती थी, लेकिन अब खुद मोदी जी 75 के हो गए हैं, नीतीश कुमार का स्वास्थ्य ठीक नहीं है। दोनों इंजन के मुखिया की स्थिति ठीक नहीं है ऐसे में यह डबल इंजन नहीं है बल्कि ट्रबल इंजन है। स्थिति बेहद खराब है इसलिए यह सरकार बदलने की बहुत जरूरत है।
वहीं अधीर रंजन चौधरी ने कहा कि बिहार को विनाश से बचाने के लिए हमने जो कवायद शुरू की है वह CWC की बैठक में पता चल ही गया होगा। भगवान बुद्ध, महावीर और ज्ञान की इस धरती के पास सब कुछ है फिर भी देश के फिसड्डी राज्यों में बिहार शामिल है। चुनाव के पहले NDA की सरकार ने महिलाओं को 10 हजार रूपये दे कर लुभाने की कोशिश कर रही है क्यों नहीं ऋण माफ़ी की घोषणा कर दी। बिहार में मनरेगा के माध्यम से 100 दिन के बदले 34 दिनों का रोजगार दिया जा रहा है। यह सरकार खुद भी ऋण में डूबी हुई है और आमलोगों को भी ऋण में डूबा रहे हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पहले विरोध करते थे आज खुद बिहार में आ कर रेवड़ी बाँट रहे हैं। उन्हें पता है कि इस बार बिहार में बदलाव होना है और बिहार की जनता उन्हें खदेड़ने वाली है इसलिए वे लोग ऐसा कर रहे हैं।
यह भी पढ़ें - चिराग के आवास पर दुबारा पहुंचे नित्यानंद राय, दोनों नेताओं में चल रही बात...
कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने कहा कि आज हमने 42 पन्ने का चार्जशीट जारी किया है। यह सिर्फ आरोप नहीं है बल्कि पिछले 20 वर्षों का 20 तथ्यों के आरोप पात्र का आधार है। 20 वर्षों में दो बार इधर और दो बार उधर पलटी हुआ है। इस आरोप पत्र के बाद हमारा घोषणा पत्र भी जारी किया जायेगा और इसका मकसद है कि ये जो अपने आप को डबल इंजन की सरकार कहते हैं। बिना इंधन के डबल इंजन की सरकार के कार्यकाल में बिहार की दशा क्या हुई है उस पर इस पत्र में विस्तार से उल्लेख किया गया है। मैं सिर्फ यही कहूँगा कि बिहार एक निर्णायक मोड़ पर खड़ा है। दो रास्ते हैं बिहार के युवाओं के सामने। एक रास्ता है जनता की भलाई का रास्ता, सामाजिक न्याय, सद्भावना, सशक्तिकरण का रास्ता जो महागठबंधन के साथ है। दूसरा रास्ता है बिना इंधन के स्वघोषित डबल इंजन सरकार का रास्ता जो सिर्फ सत्ता की मलाई खाने वालों का है। पलायन और खास तौर पर मज़बूरी में पलायन बिहार का भविष्य नहीं है। बिहार का भविष्य औद्योगीकरण, कृषि का विकास, बेहतर शिक्षा और स्वास्थ्य की व्यवस्थाएं है। आज देश भर में संकट पलायन के लिए बिहार जाना जाता है जबकि बिहार में विकास होना चाहिए।
यह भी पढ़ें - कांग्रेस नेता अशोक गहलोत ने की सीएम नीतीश की तारीफ, तीन डिप्टी सीएम की चर्चा पर कहा...