मधुबनी: बिहार के मधुबनी से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। मामला सामने आने के बाद छात्रों में नाराजगी है वहीँ सोशल मीडिया पर जम कर कमेंटबाजी जारी है। दरअसल मधुबनी मेडिकल कॉलेज के लैटरहेड पर लिखा एक पत्र इन दिनों सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है जिसमें कॉलेज के छात्र छात्राओं को सचेत किया गया है और कहीं भी लड़का लड़की को एक साथ पकड़े जाने पर उनकी निकाह करवाने की बात कही गई है। हालांकि यह पत्र आधिकारिक है या नहीं अभी इसकी पुष्टि नहीं हुई है लेकिन पत्र कॉलेज के लैटरहेड पर है जिसमें रिफरेन्स नंबर और कॉलेज के प्रिंसिपल का हस्ताक्षर मुहर के साथ मौजूद है।
सोशल मीडिया पर वायरल पत्र में लिखा है कि पाक महीना रमजान के दौरान किसी भी छात्र-छात्रा का एक साथ रहना सख्त मना है। अगर कोई भी छात्र और छात्रा एक साथ कपल की तरह पाए जाते हैं तो फिर उनका निकाह करवा दिया जायेगा। कॉलेज की पवित्रता का ख्याल रखते हुए बेवजह किसी से करीबी न बढ़ाएं। इसके बाद सबसे नीचे नोट में लिखा है कि उल्लंघन की दशा में कपल अपनी वलीमा के लिए खुद जिम्मेदार होंगे। इसके नीचे कॉलेज के प्रिंसिपल का हस्ताक्षर और कॉलेज का मुहर लगा हुआ है। इस पत्र के प्रतिलिपि की सूची में मैनेजिंग डायरेक्टर, सभी डायरेक्टर, MS/DMS, सभी हेड ऑफ़ डिपार्टमेंट और इंचार्ज, सभी छात्र और नोटिस बोर्ड लिखा हुआ है।
यह भी पढ़ें - राजनीतिक बयानबाजी से अधिक जरुरी संविधान का सम्मान, सारण के सांसद ने तेजस्वी और ममता बनर्जी पर साधा निशाना...
इस पत्र के सामने आने के बाद छात्रों में अफरातफरी का माहौल है वहीं सोशल मीडिया पर तरह तरह के कमेंट आ रहे हैं। एक यूजर ने लिखा है कि अगर छात्रों को निकाह करवाए जाने की धमकी भरा यह पत्र कॉलेज की तरफ से जारी की गई है तो एक शैक्षणिक संस्थान के लिए यह पूरी तरह से अस्वीकार्य है और इस पर तुरंत एक्शन लेना चाहिए। वहीं नीतीश झा नाम के एक यूजर ने लिखा है कि रमजान के दौरान लड़के और लड़कियों को एक साथ खड़े होने पर एक्शन लेने की बात कही जा रही है। क्या बिहार पुलिस इस पर एक्शन लेगी? फ़िलहाल इस पत्र पर कॉलेज प्रशासन या छात्रों की तरफ से कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

यह भी पढ़ें - बजट सत्र के अंतिम दिन हंगामेदार रहा सदन की कार्यवाही, शराबबंदी और इलेक्टोरल बांड को लेकर...