Join Us On WhatsApp

गोपालगंज में हादसा: बेलगाम स्कूल बस ने ली दो बच्चों की जान

गोपालगंज के डुमरिया गांव में एक अनियंत्रित स्कूल बस के झोपड़ी में घुसने से दो मासूम बच्चों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई।

Two children killed by runaway school bus
गोपालगंज में हादसा: बेलगाम स्कूल बस ने ली दो बच्चों की जान- फोटो : Darsh News

गोपालगंज जिले के गोपालपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत डुमरिया गांव में शुक्रवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। एक निजी स्कूल की अनियंत्रित बस अचानक एक झोपड़ी में जा घुसी, जिससे अंदर सो रहे दो मासूम बच्चों की दर्दनाक मौत हो गई। इस घटना के बाद गांव में चीख-पुकार मच गई और मातम का माहौल कायम हो गया। मृत बच्चों की पहचान जहीरुद्दीन के चार वर्षीय बेटे और मुमताज के दो वर्षीय बेटे के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि हादसे के वक्त झोपड़ी में मौजूद नूरजहां खातून गंभीर रूप से घायल हो गईं। उन्हें तत्काल इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कुचायकोट ले जाया गया, जहां चिकित्सकों के अनुसार उनकी हालत नाजुक बनी हुई है।

स्थानीय लोगों से मिली जानकारी के अनुसार, कटेया थाना क्षेत्र के जमुनहा स्थित एक निजी विद्यालय की बस गांव के ही चालक द्वारा घर लाई गई थी। चालक बस को खड़ा कर भोजन करने चला गया था। इसी दौरान उसके बड़े भाई ने बस स्टार्ट कर दी। चालक की गैरमौजूदगी में बस पर नियंत्रण नहीं रह सका और वह तेजी से आगे बढ़ते हुए सीधे झोपड़ी में जा घुसी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि झोपड़ी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसके भीतर मौजूद दोनों बच्चे मलबे में दब गए।

यह भी पढ़ें: आलमपुर के पास एक कुएं से मिली महिला की डेड बॉडी से पूरे गाँव में मचा हडकंप

घटना की सूचना मिलते ही गोपालपुर थाना की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने दोनों बच्चों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल गोपालगंज भेज दिया है। मामले में लापरवाही की जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इस दर्दनाक हादसे से पूरे गांव में शोक की लहर है। परिजन सदमे में हैं और उनका रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता देने और जिम्मेदार लोगों पर सख्त कार्रवाई करने की मांग की है।


Scan and join

darsh news whats app qr
Join Us On WhatsApp