पटना: संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) की सिविल सेवा परीक्षा का नतीजा आ गया है और इसके साथ ही एक विवाद भी सामने आया है। UPSC का परिणाम आने के बाद एक ही रैंक पर दो अभ्यर्थियों ने अपना दावा ठोक दिया है जिसके बाद अब लोगों में कन्फ्यूजन हो गया है कि असली अभ्यर्थी कौन है। दोनों अभ्यर्थियों ने अपना अपना एडमिट कार्ड सोशल मीडिया पर शेयर कर 301वीं रैंक का दावा किया है। इन दोनों अभ्यर्थियों में एक अभ्यर्थी है बिहार के आरा के ब्रह्मेश्वर मुखिया की पोती और दूसरी है उत्तर प्रदेश के गाजीपुर की। दोनों अभ्यर्थियों का नाम आकांक्षा सिंह है।
आरा की रहने वाली आकांक्षा सिंह ने सोशल मीडिया पर प्रारंभिक परीक्षा का एडमिट कार्ड सोशल मीडिया पर शेयर किया है जिसमें रोल नंबर 0856794 है वहीं गाजीपुर की आकांक्षा सिंह ने इंटरव्यू परीक्षा का एडमिट कार्ड सोशल मीडिया पर शेयर किया है, इसमें भी रोल नंबर वही है। गाजीपुर की आकांक्षा सिंह ने इस रिजल्ट पर अपना दावा करते हुए बताया है कि वह अभी पटना एम्स में डॉक्टर के रूप में काम कर रही हैं। हालांकि दोनों के दस्तावेज में कुछ अंतर भी सामने आया है।
यह भी पढ़ें - राज्यसभा के लिए नामांकन के बाद बख्तियारपुर पहुंचे CM, निर्माण कार्यों का किया निरीक्षण...
गाजीपुर की आकांक्षा सिंह ने इंटरव्यू परीक्षा का एडमिट कार्ड जारी किया है जिसका क्यूआर कोड स्कैन करने पर रोल नंबर 0856794 और आवेदन संख्या 12507292880 के साथ ही परीक्षा केंद्र संख्या 001 दिख रहा है जबकि आरा की आकांक्षा सिंह के एडमिट कार्ड में प्रारंभिक परीक्षा के साथ ही रोल नंबर 0856794 लिखा है जबकि क्यूआर कोड स्कैन करने पर रोल नंबर 0856569 और परीक्षा केंद्र संख्या 115 दिख रहा है। हालांकि दोनों में से कौन असली अभ्यर्थी है यह यूपीएससी ही साफ कर सकता है। फ़िलहाल इस पर अधिकारियों का कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।
यह भी पढ़ें - पटना में जल्द ही शुरू होगी वाटर मेट्रो, चार्जिंग पॉइंट निर्माण कार्य शुरू...