पटना: ICC अंडर 19 विश्वकप के फाइनल मुकाबले में भारत की तरफ से खेलते हुए बिहार के 14 वर्षीय लाल वैभव सूर्यवंशी ने इतिहास रच दिया। उन्होंने बल्लेबाजी करते हुए महज 80 गेंदों पर 175 रनों की पारी से भारत को एक मजबूत स्थिति में पहुंचाते हुए विपक्षी टीम के लिए बड़ी मुश्किल खड़ी कर दी है। वैभव सूर्यवंशी की तूफानी पारी के बाद अब बधाई देने वालों का तांता लगा हुआ है। वैभव सूर्यवंशी की धुआंधार बल्लेबाजी पर सीएम नीतीश और बिहार क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष ने बधाई दी है।
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने सोशल मीडिया पर बधाई संदेश लिख उनके उज्ज्वल भविष्य की कमाना की। सीएम नीतीश ने सोशल मीडिया पर लिखा है कि 'आज अंडर-19 वर्ल्ड कप के फाइनल में भारत और इंग्लैंड के बीच चल रहे मैच में बिहार के क्रिकेटर वैभव सूर्यवंशी ने 80 गेंदों में 175 रन बनाकर शानदार प्रदर्शन किया है। वे अपनी मेहनत और प्रतिभा के बलबूते भारतीय क्रिकेट की एक नई उम्मीद बन गए हैं। मेरी शुभकामना है कि वैभव भविष्य में भारतीय टीम के लिए नया कीर्तिमान रचें और देश का नाम रौशन करें।

यह भी पढ़ें - U-19 विश्वकप फाइनल में वैभव सूर्यवंशी का जलवा रहा जोरों पर, जड़ा तूफानी शतक
इसके साथ ही बिहार क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष हर्षवर्धन ने भी ख़ुशी जाहिर करते हुए बिहार के लिए गर्व का क्षण बताया। BCA अध्यक्ष हर्षवर्धन ने कहा कि वैभव के संयम, निडर बल्लेबाजी और बड़े मंच पर दबाव में प्रदर्शन करने की क्षमता अद्भुत है। इतनी कम उम्र में इस तरह का प्रदर्शन खिलाडी की मानसिक मजबूती और क्रिकेटिंग समझ को दर्शाता है। फाइनल मुकाबले में वैभव ने मात्र 55 गेंदों पर अपना शतक पूरा किया जो कि सबसे कम उम्र में इतिहास का सबसे तेज शतक है। इस पारी के साथ ही उन्होंने कई रिकॉर्ड अपने नाम किये हैं।
BCA अध्यक्ष हर्षवर्धन ने कहा कि वैभव का यह प्रदर्शन देश भर के युवा क्रिकेट खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा है। हम उनके उज्ज्वल भविष्य की कमाना करते हैं। उन्होंने आईपीएल, अंडर 19 क्रिकेट और घरेलू क्रिकेट में यह साबित किया है कि वह बड़े मंच के लिए भी पूरी तरह से तैयार हैं। उनका स्वभाव, आत्मविश्वास और दबाव में संतुलित खेल प्रतिबा को दर्शाता है।
यह भी पढ़ें - बिहार चुनाव रद्द करने की जन सुराज की याचिका पर सुप्रीम कोर्ट में हुई सुनवाई, CJI ने कहा 'आपको जनता ने...'