पटना: नई सरकार के गठन के बाद से उप मुख्यमंत्री विजय सिन्हा लगातार एक्शन में नजर आ रहे हैं। एक तरफ विजय सिन्हा राज्य में भ्रष्टाचार और माफियाओं के विरुद्ध मोर्चा खोले हुए हैं तो दूसरी तरफ अब नगर विकास एवं आवास विभाग में भी काफी सक्रिय नजर आ रहे हैं। बुधवार को विभागीय समीक्षा बैठक में उन्होंने अधिकारियों को 24 घंटे का अल्टीमेटम देते हुए बड़ा आदेश जारी किया है। उन्होंने अधिकारियों को चेतावनी भी दी है कि अगर इस आदेश पर अमल नहीं हुआ तो फिर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
बुधवार को नगर विकास एवं आवास विभाग की समीक्षा बैठक के दौरान उप मुख्यमंत्री विजय सिन्हा ने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिया कि उच्च न्यायालय में लंबित मामलों को छोड़ कर पटना शहर के शेष सभी अवैध होर्डिंग को 24 घंटे के अंदर हटाया जाये। इसके साथ ही जगह जगह अवैध पार्किंग को भी तत्काल प्रभाव से बंद करने का निर्देश जारी किया है। उन्होंने अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि अवैध होर्डिंग और पार्किंग के नाम पर चल रही माफियागिरी अब किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इससे सरकार को करोड़ों रूपये के राजस्व का नुकसान हो रहा है।
यह भी पढ़ें - पटना पुलिस की बड़ी कार्रवाई, बेऊर थाना की महिला दारोगा रजनीगंधा सस्पेंड
उप मुख्यमंत्री विजय सिन्हा ने कहा कि शहर में चल रहे अवैध होर्डिंग और पार्किंग मामले में जो भी व्यक्ति या ग्रुप संलिप्त हैं उनके विरुद्ध कड़ी क़ानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों से विगत 15 दिनों पहले विभागीय आदेश में कार्रवाई की भी जानकारी ली और कहा कि किसी भी आदेश या निर्देश पर तुरंत कार्रवाई की जाये। किसी भी काम में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इस दौरान अधिकारियों ने उन्हें जानकारी दी कि पिछले 15 दिनों में 18 अवैध होर्डिंग हटा दिए गए हैं जबकि कार्रवाई अभी जारी है। उन्होंने उप मुख्यमंत्री को यह भी जानकारी दी कि शहर में 20 अवैध होर्डिंग का मामला अभी हाई कोर्ट में लंबित है।
यह भी पढ़ें - बिहार में STF की बड़ी कार्रवाई, अलग अलग जगहों से कई बदमाशों के साथ भारी मात्रा में हथियार और मादक पदार्थ किया जब्त...