Join Us On WhatsApp

हड़ताल पर गए राजस्व कर्मियों को डिप्टी सीएम की दो टूक, कहा इस समय से पहले लौट आयें वरना काम करने के लायक नहीं रहेंगे...

बिहार में इन दिनों राजस्व कर्मी लंबे समय से हड़ताल पर हैं और डिप्टी सीएम विजय सिन्हा के बार बार अपील के बावजूद हड़ताल जारी है. अब डिप्टी सीएम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन अधिकारियों को निलंबित कर दिया और सख्त चेतावनी देते हुए कहा

vijay sinha ki do tuk
हड़ताल पर गए राजस्व कर्मियों को डिप्टी सीएम की दो टूक, कहा इस समय से पहले लौट आयें वरना काम करने के ल- फोटो : Darsh NEWS

बिहार में राजस्व कर्मियों और अधिकारियों के हड़ताल पर उप मुख्यमंत्री सह भूमि एवं राजस्व सुधार विभाग के मंत्री विजय सिन्हा लगातार कार्रवाई के मूड में हैं। एक बार फिर उन्होंने बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन अधिकारियों को निलंबित कर दिया साथ ही सरकार के विरुद्ध काम करने वाले अन्य लोगों की पहचान कर रिपोर्ट बनाने के लिए तीन सदस्यीय टीम भी गठित की है। इसके साथ ही उन्होंने एक बार फिर से राजस्व कर्मियों को चेतावनी दी कि अगर आप नौकरी करना चाहते हैं तो फिर अपनी नौकरी पर वापस आयें और आम जनता के काम काज करें अन्यथा अब आपसे कोई सहानुभूति नहीं रखी जाएगी और कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उप मुख्यमंत्री विजय सिन्हा ने कहा कि यह बात भी सामने आई है कि पहले ही त्यागपत्र दे चुके और राजनीतिक दलों के साथ चुनाव लड़ चुके कुछ लोग भी सरकारी कर्मियों को बरगला कर अपना हित साध रहे हैं और सरकार के काम में बाधा डाल रहे हैं, उनके विरुद्ध भी कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

डिप्टी सीएम ने की हड़ताली कर्मियों की निंदा

मीडिया से बात करते हुए उप मुख्यमंत्री विजय सिन्हा ने कहा कि बिहार के भूमि एवं राजस्व सुधार विभाग के पचास प्रतिशत कर्मी अपने ड्यूटी पर तैनात हैं। मंगलवार को विभाग के द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के विरुद्ध कुछ हड़ताल पर गए लोग अपने आप को अवकाश पर बता रहे हैं। वह लोग कहीं से भी हड़ताल की बात नहीं कर रहे हैं। वे लोग सरकारी सेवा नियमावली के विरुद्ध प्रचार प्रसार कर रहे हैं जो कि नियम के विरुद्ध है। वित्तीय वर्ष समापन पर है और ऐसे में वित्तीय कार्यों में बाधा उत्पन्न किया जा रहा है। इसके साथ ही 17 अप्रैल से भारत सरकार के जनगणना के तहत घर घर सर्वेक्षण किया जाना है। ऐसे मामलों में सरकार के निर्देशों की अवहेलना करना घोर निंदनीय है, सरकार के काम काज का विरोध करना, काम करने वाले लोगों को रोकना, सरकार के विरुद्ध भ्रम और उत्तेजना का माहौल पैदा करना निंदनीय कार्य है। ऐसे लोग अराजकता उत्पन्न करना चाहते हैं।

यह भी पढ़ें      -    LPG क्राइसिस के दौरान कालाबाजारी पर प्रशासन की बड़ी कार्रवाई, 21 गिरफ्तार तो 419...

3 अधिकारियों को किया तत्काल प्रभाव से निलंबित

उप मुख्यमंत्री विजय सिन्हा ने कहा कि हमने कई बार आग्रह किया कि बजट सत्र और वित्तीय वर्ष के समापन, जनगणना कार्य शुरू हो चुका है, इस दौरान सभी लोग अपने काम पर लौटें बावजूद इसके अराजकता का माहौल बनाना और वक्तव्य देना गलत है। ऐसे वक्तव्य देने वाले पटना सदर के पूर्व अंचल पदाधिकारी एवं वर्तमान में अररिया के जिला भू-अर्जन पदाधिकारी, पटना सदर के अंचल पदाधिकारी रजनीकांत और पूर्वी चंपारण के घोड़ासहन के अंचल अधिकारी आनंद कुमार को तत्काल प्रभाव से निलंबित किया जा रहा है। इस तरह अराजकता उत्पन्न करने वाले ऐसे लोगों की जमात और खास कर मुख्यालय में काम करने वाले अधिकारियों की जिम्मेदारी है कि सरकार के काम काज में व्यवधान उत्पन्न न हो।

राजनीतिक पार्टी में रहते हुए सरकारी काम में डाल रहे हैं बाधा

उप मुख्यमंत्री विजय सिन्हा ने कहा कि ऐसे लोग जो भ्रम फैला रहे हैं और प्रेस मीडिया के माध्यम से सरकार के बारे में नकरात्मक माहौल बनाने वाले लोगों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। इनके पूरे कार्यकाल की समीक्षा की जाएगी और इनके द्वारा कई तरह के आरोप का पत्र भी आया है और उसके आधार पर विस्तार से बाद में हम बतायेंगे। विजय सिन्हा ने कहा कि आज ही खबर मिली है कि त्यागपत्र दे चुके राजस्व पदाधिकारी जो अब राजनीति कर रहे हैं, चुनाव लड़ चुके हैं ऐसे लोग प्रवक्ता बन कर राजनीतिक पार्टी के सदस्य होने के बावजूद राजस्व विभाग के सरकारी सेवकों को भड़का रहे हैं। उनके विरुद्ध सरकारी कार्यों में रुकावट डालने के मामले में कार्रवाई की जाएगी। इन लोगों के कार्यकाल की भी समीक्षा की जाएगी।

यह भी पढ़ें      -    गैस की कालाबाजारी की जांच करने पहुंची थी पुलिस मिल गया कुछ और, फिर तो पुलिस वाले भी रह गए हैरान...

जांच के लिए तीन सदस्यीय कमिटी गठित

उप मुख्यमंत्री विजय सिन्हा ने कहा कि ऐसे लोगों की जांच के लिए तीन सदस्यीय कमिटी गठित की गई है और अराजकता उत्पन्न करने वाले लोगों की जांच कराई जाएगी। तीन सदस्यीय टीम के अध्यक्ष महेंद्रपाल, मोना झा और नवाजी सदस्य होंगे। इनकी रिपोर्ट के आधार पर जो लोग सेवा में आ चुके हैं और काम कर रहे हैं उन्हें कोई दिक्कत नहीं होगी और जो लोग वापस काम पर आना चाहेंगे, उन्हें भी काम करने का अवसर मिलेगा लेकिन इस तरह से अराजकता का माहौल बनाने वाले लोगों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जायेगा। हमने पहले भी कहा है कि जो सरकार की नीति को आगे बढ़ाते हुए काम कर रहे हैं हम उनके समस्याओं का समाधान करेंगे। बार बार आग्रह के बावजूद ये लोग सरकार की कमजोरी समझ चुके हैं तो अब उनके विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।

जल्द लौटें काम पर अन्यथा होगी कड़ी कार्रवाई

उप मुख्यमंत्री विजय सिन्हा ने सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि भारत सरकार की जनगणना शुरू होने जा रही है और इस व्यवस्था के तहत जब कार्रवाई होगी तो सरकार कोई सहानुभूति नहीं रखेगी। कल भी हमने सभी जिलाधिकारी से रिपोर्ट मांगी थी और आधे लोग काम कर रहे हैं बावजूद इसके जो लोग सरकार के वक्तव्य को झुठला रहे हैं और भ्रम फैला रहे हैं वे लोग सरकारी नौकरी के योग्य नहीं हैं। उन्होंने कहा कि हड़ताल पर गए कर्मियों से हमने तीन तीन बार मुलाकात की, उन्हें आश्वासन दिया कि अभी सही समय नहीं है लेकिन आपकी समस्याओं का नियमानुकूल समाधान मैं दूंगा। वित्तीय वर्ष का अंतिम समय है, हमारे टारगेट को आपने झुठलाया, जनता की समस्याओं का समाधान करने के बजाय प्रेशर पॉलिटिक्स करना शुरू किया तो आपको जनता के सामने जवाब देना होगा।

कहा ऐसे लोगों को बख्शा नहीं जायेगा

उप मुख्यमंत्री विजय सिन्हा ने दो टूक कहते हुए कहा कि अगर ये लोग मार्च क्लोजिंग के पहले अपना योगदान वापस नहीं देते हैं तो फिर ये लोग सरकारी काम करने के योग्य नहीं माने जायेंगे। उन्होंने जनगणना के दौरान कर्मियों की कमी को लेकर कहा कि सरकार के पास और भी विभागों के कर्मी हैं, तो कोई काम नहीं रुकेगा। अगर उन्हें दिक्कत थी तो वे लोग सरकार से बात कर सकते थे। काम को बाधित करने का साजिश करने वाले लोगों को बख्शा नहीं जायेगा।

यह भी पढ़ें      -    बिहार के इंजीनियर के पास 100 करोड़ से अधिक की संपत्ति, EOU की रेड में दार्जिलिंग में चाय बागान का भी...


Scan and join

darsh news whats app qr
Join Us On WhatsApp