Join Us On WhatsApp

दानापुर मंडल में महिला रेलकर्मियों का सम्मान, उत्कृष्ट कार्य के लिए 67 कर्मचारी सम्मानित

दानापुर मंडल में अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस 2026 के अवसर पर महिला रेलकर्मियों के सम्मान में एक विशेष समारोह आयोजित किया गया।

Women railway workers honored in Danapur division
दानापुर मंडल में महिला रेलकर्मियों का सम्मान, उत्कृष्ट कार्य के लिए 67 कर्मचारी सम्मानित- फोटो : Darsh NEWS

दानापुर मंडल में अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस 2026 के अवसर पर महिला रेलकर्मियों के सम्मान में एक भव्य समारोह का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य रेलवे में कार्यरत महिला कर्मचारियों के योगदान को सराहना और उन्हें प्रोत्साहित करना था। मंडल के विभिन्न विभागों—लेखा, वाणिज्य, परिचालन, विद्युत, इंजीनियरिंग, यांत्रिक, मेडिकल, सामान्य प्रशासन, कार्मिक, संकेत एवं दूरसंचार, सुरक्षा तथा भंडार—में कार्यरत कुल 67 महिला कर्मचारियों को इस अवसर पर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम की शुरुआत मंडल रेल प्रबंधक विनोद कुमार और दानापुर महिला कल्याण संगठन की अध्यक्षा श्रीमती निशी देव द्वारा दीप प्रज्वलित कर की गई। समारोह के दौरान बेहतर कार्य प्रदर्शन के लिए 42 महिला रेल कर्मचारियों को सम्मानित किया गया। इसके अतिरिक्त अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर आयोजित निबंध, वाक् एवं क्विज प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली 9 महिला कर्मचारियों को भी पुरस्कृत किया गया। वहीं राष्ट्रीय खेल दिवस 2025 के तहत पूर्व में आयोजित खेलकूद प्रतियोगिताओं में विभिन्न श्रेणियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली 16 महिला रेल कर्मचारियों को भी सम्मान प्रदान किया गया।

इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित दानापुर महिला कल्याण संगठन की अध्यक्षा श्रीमती निशी देव ने अपने संबोधन में महिला कर्मचारियों के योगदान की सराहना की। उन्होंने कहा कि जहां नारी का सम्मान होता है, वहां समृद्धि और सकारात्मकता का वास होता है। उन्होंने कहा कि आज महिलाएं हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा और क्षमता का परिचय दे रही हैं और रेलवे सेवा में भी उनकी भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है।

मंडल रेल प्रबंधक विनोद कुमार ने अपने संबोधन में कहा कि देश और दुनिया की प्रगति में महिलाओं की भागीदारी लगातार बढ़ रही है और भारतीय रेलवे भी इससे अछूता नहीं है। उन्होंने बताया कि दानापुर मंडल में कार्यरत कुल 956 महिला रेलकर्मियों के सम्मान और प्रेरणा के लिए यह समारोह समर्पित है।

कार्यक्रम के दौरान मंडल के कलाकारों द्वारा रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी दी गईं, जिसने समारोह को और भी आकर्षक बना दिया। कार्यक्रम का संचालन वरीय मंडल कार्मिक अधिकारी अतुल कुमार के मार्गदर्शन में सफलतापूर्वक किया गया। इस अवसर पर अपर मंडल रेल प्रबंधक (इंफ्रा) राजीव कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, महिला कल्याण संगठन की सदस्याएं, यूनियन प्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में महिला कर्मचारी उपस्थित रहीं।

यह भी पढ़ें: आज का राशिफल: इन राशियों के लिए बन रहे तरक्की के योग, कुछ को रहना होगा सतर्क

Scan and join

darsh news whats app qr
Join Us On WhatsApp