समस्तीपुर: बिहार में विधानसभा चुनाव के बाद भ्रष्टाचार के विरुद्ध ताबड़तोड़ कार्रवाई जारी है। भ्रष्टाचार के विरुद्ध वर्ष 2026 की 50वीं छापेमारी में निगरानी विभाग की टीम ने अनुमंडलीय अस्पताल में पदस्थापित लिपिक को घूस लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। निगरानी की टीम गिरफ्तार क्लर्क को अपने साथ लेकर चली गई जहां उनसे पूछताछ के बाद कोर्ट में पेश किया जायेगा। बताया जा रहा है कि बकाया वेतन और पेंशन भुगतान के लिए क्लर्क ने रिश्वत की मांग की थी जिसके बाद निगरानी की टीम ने जाल बिछाया और 1 लाख रूपये घूस लेते हुए उन्हें गिरफ्तार कर लिया।
यह भी पढ़ें - अपराधियों की फोटो पर माला चढ़ाना करें शुरू, DM-SP की बैठक में CM ने कहा 'बेहतर पुलिसिंग से जीतें जनता का दिल'
मामले की जानकारी देते हुए निगरानी के डीएसपी संजय कुमार ने बताया कि समस्तीपुर के रोसड़ा अनुमंडलीय अस्पताल के क्लर्क को अनुमंडल चौक के समीप एक लाख रूपये घूस लेते हुए गिरफ्तार किया गया है। उन्होंने बताया कि देवेंद्र मंडल ने निगरानी में शिकायत की थी कि वेतन और पेंशन की करीब 37 लाख रूपये के भुगतान के एवज में क्लर्क अनिल राम घूस की मांग कर रहे हैं। शिकायत दर्ज होने के बाद निगरानी विभाग ने एक टीम गठित की और छापेमारी की। इस दौरान रोसड़ा अनुमंडल चौक के समीप टीम ने क्लर्क अनिल कुमार को एक लाख रूपये घूस लेते हुए गिरफ्तार किया। अब उनसे पूछताछ की जा रही है साथ ही विशेष निगरानी कोर्ट मुजफ्फरपुर में पेश किया जायेगा।
यह भी पढ़ें - वाहनों पर लंबित चालान निपटारे का सुनहरा मौका, सीएम सम्राट की कैबिनेट ने दे दी बड़ी राहत, पढ़ें...