बिहार की 25 लाख महिलाओं को मिला बड़ा तोहफा, खातों में ट्रांसफर हुए 10-10 हजार रुपये
पटनाः बिहार सरकार ने एक बार फिर महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना के तहत आज राज्य की 25 लाख महिलाओं के बैंक खातों में 10-10 हजार रुपये की राशि सीधे ट्रांसफर की गई। इस राशि को मुख्यमंत्री Nitish Kumar ने जारी किया। इस मौके पर बिहार के ग्रामीण विकास मंत्री श्रवण कुमार ने कहा कि बिहार देश का पहला राज्य है, जहां महिलाओं के खातों में सीधे आर्थिक सहायता भेजने की शुरुआत की गई थी। उन्होंने बताया कि सरकार का उद्देश्य महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाना और उन्हें स्वरोजगार के लिए प्रेरित करना है।
मंत्री ने यह भी जानकारी दी कि जिन महिलाओं के खातों में किसी कारण से पहले राशि नहीं पहुंच पाई थी या जिन्होंने देर से आवेदन किया था, उनके खातों में भी आज पैसे भेज दिए गए हैं। सरकार ने सभी पात्र महिलाओं को योजना का लाभ देने का संकल्प लिया है। मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना के तहत महिलाओं को मिलने वाली यह सहायता राशि उनके छोटे व्यवसाय, प्रशिक्षण, स्वरोजगार या अन्य आजीविका से जुड़े कार्यों में मदद करेगी। इससे महिलाओं को अपने पैरों पर खड़ा होने का अवसर मिलेगा और वे अपने परिवार की आय बढ़ाने में योगदान दे सकेंगी।
यह भी पढ़ें: यूपी की डांसर से मारपीट और दुष्कर्म, तीन आरोपी पकड़े गए
सरकार की ओर से कहा गया है कि भविष्य में भी इस तरह की योजनाओं को और मजबूत किया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक महिलाओं को इसका लाभ मिल सके। लाभार्थी महिलाएं अपने बैंक खाते की जानकारी नजदीकी बैंक शाखा या संबंधित कार्यालय से प्राप्त कर सकती हैं। इस पहल से राज्य की लाखों महिलाओं में खुशी का माहौल है और वे सरकार के इस कदम को सराह रही हैं।