पटना: राज्य में पर्यावरण अनुकूल सार्वजनिक परिवहन को बढ़ावा देने के लिए बिहार को जल्द ही 400 इलेक्ट्रिक एसी बसें मिलने जा रही हैं। इनमें से 150 बसें पटना को आवंटित की जाएंगी। जिनमें से 75 बसें पटना शहर के अंदर सिटी बस के रूप में चलाई जाएंगी, जबकि बाकी 75 बसें पटना से राजगीर, बिहारशरीफ सहित अन्य इंट्रासिटी रूटों पर चलाई जाएंगी। प्रत्येक बस में लगभग 60 यात्रियों के बैठने की क्षमता होगी।

यह भी पढ़ें   -    अपराधियों की फोटो पर माला चढ़ाना करें शुरू, DM-SP की बैठक में CM ने कहा 'बेहतर पुलिसिंग से जीतें जनता का दिल'

बिहार राज्य पथ परिवहन निगम (बीएसआरटीसी) के अनुसार, इन बसों के सुचारू संचालन शुरू होने से पहले जिलों में चार्जिंग स्टेशन स्थापित करने का काम तेजी से चल रहा है। पूर्णिया में ई-चार्जिंग स्टेशन का काम पूरा हो चुका है, जबकि गया में 60 प्रतिशत, पटना और मुजफ्फरपुर में 50 प्रतिशत व भागलपुर और दरभंगा में चार्जिंग स्टेशनों का निर्माण कार्य जारी है। इन विशेष चार्जिंग स्टेशनों पर एक ई-बस को चार्ज होने में एक से डेढ़ घंटे का समय लगेगा। पटना में फुलवारीशरीफ डिपो, आईएसबीटी बैरिया सहित निगम के सभी डिपो पर प्रति 50 बसों के लिए 8 चार्जिंग स्टेशन बनाए जाएंगे। निगम ने बताया कि सीएनजी व पूर्व से संचालित ई-बसों‌ के जरिए 2021 से अबतक 25 लाख लीटर डीजल की खपत घटी है और लगभग 7 हजार टन कार्बन डाइऑक्साइड उत्सर्जन भी कम हुआ है। भविष्य में भी बसों की खरीद पर्यावरण को ध्यान में रखते हुए की जाएगी।

यह भी पढ़ें   -    पंचायत सरकार भवन निर्माण में गुणवत्ता से समझौता स्वीकार्य नहीं, पंचायती राज विभाग ने दिया सख्त संदेश