नालंदा: बिहार के नालंदा में बीते दिनों एक युवती के साथ अश्लील हरकत करने के मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए अब तक 8 लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो के आधार पर अन्य आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार करने की कवायद में जुटी हुई है। मामला नालंदा के नुरसराय थाना क्षेत्र का है जहां बीते दिनों कुछ असामाजिक तत्वों ने एक महिला को सरेआम सड़क पर पकड़ कर घुमाया और इस दौरान उसके साथ अश्लील हरकत करते रहे।
मामले का वीडियो सोशल मीडिया पर बहुत तेजी से वायरल हुआ जिसके बाद अब पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी है। मामला नालंदा से चल कर पटना में बिहार पुलिस के मुखिया विनय कुमार तक पहुंचा और उन्होंने एसपी को तत्काल जांच कर कड़ी कार्रवाई करने का निर्देश दिया। डीजीपी के निर्देश के बाद नालंदा पुलिस ने कार्रवाई करते हुए महिला के साथ अश्लील हरकत करने के आरोप में 8 लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया है। इसके साथ ही वीडियो में दिख रहे अन्य आरोपियों की भी पहचान की जा रही है और उन्हें गिरफ्तार करने के लिए छापेमारी भी जारी है।
यह भी पढ़ें - JDU नेता के साथ दिखे RJD MLA फैसल रहमान, पार्टी बदलने के नाम पर कहा...
मामले को लेकर डीजीपी विनय कुमार ने कहा कि वीडियो सामने आने के बाद मंगलवार को ही दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया था।इसके बाद छापेमारी कर बुधवार को 6 अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार किया गया है। सभी आरोपियों से पूछताछ की जा रही है साथ ही यह पता करने की कोशिश की जा रही है कि वीडियो किसने बनाया और उसे सोशल मीडिया पर वायरल किसने किया। इसके साथ ही घटना में शामिल लोगों की भी पहचान की जा रही है। डीजीपी ने असामाजिक तत्वों को सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि महिलाओं के साथ इस तरह का व्यवहार करने वाले लोगों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी और उन्हें किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जायेगा।
यह भी पढ़ें - 10 अप्रैल को मुख्यमंत्री के नाम की होगी घोषणा, BJP सांसद ने नीतीश कुमार को लेकर कह दी बड़ी बात...