बैंक से निकले पैसों की लूट का खुलासा, STF की रेड में आरोपी के ठिकाने से बरामद हुए 1 लाख रुपये
बेगूसराय और रोहतास जिले से जुड़ा एक अहम लूटकांड अब पुलिस की पकड़ में आता नजर आ रहा है। बिहार एसटीएफ की विशेष टीम ने बेगूसराय जिला पुलिस के सहयोग से बड़ी कार्रवाई करते हुए वांछित अभियुक्त मनोज मिश्रा के घर छापेमारी की। इस दौरान पुलिस ने लूट की गई रकम में से 1 लाख रुपये नकद बरामद कर लिए हैं। पुलिस के अनुसार, मनोज मिश्रा पर सासाराम नगर थाना कांड संख्या 68/26 के तहत मामला दर्ज है। यह मामला 28 जनवरी 2026 का है, जो भारतीय न्याय संहिता की धारा 303(2) के अंतर्गत दर्ज किया गया था। आरोपी मनोज मिश्रा, पिता राजेंद्र मिश्रा, बेगूसराय जिले के फुलवरिया थाना क्षेत्र के शोकहरा गांव का रहने वाला है।
यह भी पढ़ें: सड़क से संसद तक संग्राम! पप्पू यादव की गिरफ्तारी और NEET छात्रा मौत पर कांग्रेस का बड़ा प्रदर्शन
पुलिस जांच में सामने आया है कि जनवरी 2026 में सासाराम नगर थाना क्षेत्र के सकुही गांव निवासी जावेद अंसारी ने एसबीआई बैंक, सासाराम शाखा से 1 लाख 50 हजार रुपये निकाले थे। बैंक से निकलने के बाद वह अपने घर जा रहे थे। रास्ते में उन्होंने बैग में रखे 1 लाख रुपये अपने बच्चे को दे दिए और आधार कार्ड में सुधार कराने के लिए एक कैफे चले गए। इसी दौरान अज्ञात अपराधकर्मियों ने मौका देखकर बच्चे के पास रखे बैग से 1 लाख रुपये लूट लिए। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने तुरंत मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी।
यह भी पढ़ें: DM के निर्देश पर खुला राहत का खजाना! SC/ST पीड़ितों को 6.64 लाख की सहायता
लगातार छानबीन और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस को मनोज मिश्रा की संलिप्तता के संकेत मिले। इसके बाद बिहार एसटीएफ और बेगूसराय पुलिस की संयुक्त टीम ने उसके घर पर छापेमारी की, जहां से लूट की राशि 1 लाख रुपये बरामद हुई। फिलहाल पुलिस आरोपी की तलाश में लगातार दबिश दे रही है। बरामद पैसे को जब्त कर लिया गया है और आगे की कानूनी प्रक्रिया जारी है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही इस लूटकांड से जुड़े अन्य आरोपियों की भी गिरफ्तारी की जाएगी।