दरभंगा जिले से एक राहत भरी खबर सामने आई है, जहां अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति (SC/ST) समुदाय के अत्याचार पीड़ित परिवारों को जिला प्रशासन की ओर से आर्थिक सहायता प्रदान की गई है। जिलाधिकारी कौशल कुमार के निर्देश पर SC/ST अत्याचार निवारण अधिनियम के तहत 8 पीड़ित परिवारों को कुल 6 लाख 64 हजार रुपये की सहायता राशि दी गई।
यह भी पढ़ें: दरभंगा में दर्दनाक मामला: 6 साल की बच्ची के साथ दुष्कर्म के बाद हत्या
यह सहायता कुशेश्वरस्थान प्रखंड के हरिनगर गांव में हुई हिंसक घटना में घायल अनुसूचित जाति समुदाय के लोगों को उपलब्ध कराई गई है। जिला कल्याण पदाधिकारी अनिल कुमार सिन्हा एवं SC/ST अत्याचार निवारण अनुश्रवण समिति के सदस्यों की मौजूदगी में डीएमसीएच (दरभंगा मेडिकल कॉलेज अस्पताल) में इलाजरत पीड़ितों के परिजनों को यह राशि सौंपी गई।
यह भी पढ़ें: दैनिक राशिफल: जानिए किस राशि की बदलेगी किस्मत किस राशि को मिलेगा लाभ
प्रशासनिक अधिकारियों ने बताया कि घटना के दौरान पीड़ित परिवारों के घरों और दुकानों में भी तोड़फोड़ की गई थी। इस संबंध में स्थानीय अंचल अधिकारी (सीओ) द्वारा क्षति आकलन रिपोर्ट तैयार कर ली गई है। रिपोर्ट के आधार पर क्षतिग्रस्त संपत्ति का मुआवजा भी जल्द ही संबंधित परिवारों के बैंक खातों में स्थानांतरित किया जाएगा। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि पीड़ित परिवारों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है। इसके तहत न केवल आर्थिक मदद दी जा रही है, बल्कि घायलों के बेहतर इलाज की व्यवस्था भी सुनिश्चित की जा रही है। गौरतलब है कि हरिनगर गांव में मजदूरी के पैसों के लेन-देन को लेकर दो पक्षों के बीच शुरू हुआ विवाद बाद में उग्र रूप ले बैठा और जातीय हिंसा में बदल गया। इस घटना में कई लोग घायल हो गए, जिनका इलाज फिलहाल डीएमसीएच में चल रहा है। प्रशासन मामले की जांच कर दोषियों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई कर रहा है।