SVU का बड़ा धमाका: इंजीनियर गिरफ्तार, ठिकाने से नोटों का जखीरा मिला
बिहार में भ्रष्टाचार के खिलाफ विशेष निगरानी इकाई (SVU) की बड़ी कार्रवाई सामने आई है। पश्चिमी चंपारण जिले के बेतिया में जिला शिक्षा परियोजना पदाधिकारी कार्यालय में तैनात सहायक अभियंता रोशन कुमार को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तारी के बाद उनके ठिकानों पर छापेमारी की गई, जहां से भारी मात्रा में नकदी बरामद हुई है।
SVU की टीम ने 2 मार्च 2026 को रोशन कुमार को 5 लाख रुपये और एक स्मार्ट वॉच रिश्वत के रूप में लेते हुए पकड़ा। यह कार्रवाई एक शिकायत के आधार पर की गई थी। शिकायतकर्ता शम्श तबरेज ने SVU, पटना में आवेदन देकर आरोप लगाया था कि रोशन कुमार ने विभिन्न स्कूलों में उनकी कंपनी द्वारा कराए गए 57 लाख रुपये के कार्यों के भुगतान के बदले 10 प्रतिशत कमीशन की मांग की थी।
यह भी पढ़ें: घर लौटने वालों के लिए खुशखबरी! होली के बाद भी चलेंगी स्पेशल ट्रेनें
सत्यापन के दौरान यह सामने आया कि आरोपी ने 7 लाख 50 हजार रुपये और एक स्मार्ट वॉच की मांग की थी। प्राथमिकी दर्ज होने के बाद पुलिस उपाधीक्षक बिंदेश्वर प्रसाद के नेतृत्व में धावा दल का गठन किया गया। टीम ने जाल बिछाकर आरोपी को रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार कर लिया।
यह भी पढ़ें: होली मिलन में हिंसा का हाई वोल्टेज ड्रामा, CCTV में कैद पूरी वारदात
गिरफ्तारी के बाद जब टीम ने बेतिया नगर थाना क्षेत्र के पियूनी बाग स्थित उनके किराए के मकान पर तलाशी ली, तो वहां से 42 लाख 500 रुपये नकद बरामद किए गए। यह रकम अलमारी और अन्य स्थानों पर छिपाकर रखी गई थी। फिलहाल दूसरे ठिकानों पर भी तलाशी जारी है। SVU के अपर पुलिस महानिदेशक पंकज कुमार दाराद ने बताया कि मामले की आगे की जांच की जा रही है और आरोपी से पूछताछ जारी है। इस कार्रवाई के बाद शिक्षा विभाग में हड़कंप मच गया है।