बिहार राज्यसभा की पांचवीं सीट पर घमासान: तेजस्वी यादव vs AIMIM … किसके हाथ लगेगी जीत?
बिहार में इस बार राज्यसभा चुनाव काफी रोचक होता दिख रहा है। राज्य की पांच सीटों पर चुनाव होना है। चार सीटों पर एनडीए गठबंधन की जीत लगभग तय मानी जा रही है, लेकिन पांचवीं सीट को लेकर सियासी सरगर्मी तेज हो गई है। महागठबंधन ने इस सीट पर अपना उम्मीदवार उतारने का फैसला किया है, जिससे मुकाबला दिलचस्प बन गया है।
नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने साफ कहा है कि उनके पास पर्याप्त संख्या बल है और वे मजबूती से चुनाव लड़ेंगे। उन्होंने बताया कि उम्मीदवारों के नाम पर पार्टी के भीतर चर्चा चल रही है। सामाजिक समीकरण और वरिष्ठ नेताओं की राय को ध्यान में रखते हुए जल्द ही प्रत्याशी के नाम की घोषणा की जाएगी। इधर एआईएमआईएम के प्रदेश अध्यक्ष अख्तरुल ईमान ने भी राज्यसभा चुनाव को लेकर अपनी स्थिति स्पष्ट की है। उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी का अब तक राज्यसभा में कोई प्रतिनिधि नहीं है, इसलिए वे समर्थन की उम्मीद कर रहे हैं। सूत्रों के अनुसार, इस मुद्दे पर दोनों नेताओं के बीच बातचीत भी हुई है।
संख्या बल के गणित की बात करें तो पांचवीं सीट जीतने के लिए महागठबंधन और एनडीए दोनों को अतिरिक्त विधायकों के समर्थन की जरूरत पड़ेगी। ऐसे में छोटे दलों और निर्दलीय विधायकों की भूमिका अहम मानी जा रही है। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि यही विधायक इस सीट के परिणाम को तय कर सकते हैं। नामांकन की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है और 5 मार्च तक चलेगी। वोटों की गिनती 16 मार्च को होगी और उसी दिन नतीजे घोषित कर दिए जाएंगे। अब सबकी नजर पांचवीं सीट पर टिकी है, जहां मुकाबला कड़ा होने के संकेत मिल रहे हैं।