अब प्रॉपर्टी टैक्स जमा करने नहीं जाना पड़ेगा नगर निगम के कार्यालय, कर दी है यह व्यवस्था...
गया जी: गया जी नगर निगम ने शहरवासियों को प्रॉपर्टी टैक्स जमा करने में सहूलियत के लिए डिजिटल सुविधा शुरू की है। नगर निगम ने शहरवासियों के लिए प्रॉपर्टी टैक्स कैलकुलेटर की शुरुआत की है जिसके बाद अब लोग घर बैठे ही प्रॉपर्टी टैक्स की गणना कर जमा कर सकेंगे। इस संबंध में हाल ही में चैंबर ऑफ कॉमर्स की बैठक में प्रॉपर्टी टैक्स निर्धारण की प्रक्रिया पारदर्शी बनाए जाने का मुद्दा उठा था। इस दौरान कहा गया था कि प्रॉपर्टी टैक्स का गणना किस आधार पर की जाती है और लोगों का टैक्स कितना होगा यह पता नहीं चल पाता है जिसकी वजह से उन्हें कई तरह की परेशानी का सामना करना पड़ता है।
यह भी पढ़ें - हमारे सीएम को चुकानी पड़ी बेटे की राजनीतिक एंट्री की कीमत, युवा कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा 'कॉम्प्रोमाइज PM की वजह से...'
मामले की गंभीरता को देखते हुए नगर आयुक्त अभिषेक पलासिया ने शीघ्र ही नई व्यवस्था लागू किए जाने की बात कही थी और अब उनके निर्देश पर अब प्रॉपर्टी टैक्स भुगतान और गणना की पूरी प्रक्रिया डिजिटल कर दी गई है ताकि लोग घर बैठे पूरी पारदर्शिता से कर भुगतान कर सकें। इससे अब लोगों को टैक्स से संबंधित जानकारी के लिए नगर निगम कार्यालय के चक्कर लगाने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी। नगर निगम प्रशासन का मानना है कि इस सुविधा से टैक्स निर्धारण की प्रक्रिया अधिक पारदर्शी और सुविधाजनक बनेगी। साथ ही इससे नागरिकों में टैक्स भुगतान को लेकर जागरूकता भी बढ़ेगी।
नगर निगम की ओर से यह भी बताया गया है कि नागरिक दिए गए क्यूआर कोड को स्कैन कर सीधे टैक्स कैलकुलेटर पोर्टल पर पहुंच सकते हैं और वहां अपनी संपत्ति का टैक्स आसानी से जांच सकते हैं। नगर आयुक्त अभिषेक पलासिया ने शहरवासियों से अपील की है कि वे इस ऑनलाइन सुविधा का अधिक से अधिक लाभ उठाएं और समय पर अपने प्रॉपर्टी टैक्स का भुगतान कर शहर के विकास में सहयोग करें।
यह भी पढ़ें - बिहार विधानसभा को बम से उड़ाने की मिली धमकी, आनन फानन में..