पटना: अमेरिका के साथ भारत का ट्रेड डील और देश भर में ईंधन की कमी का मुद्दा लेकर कांग्रेस समेत पूरा विपक्ष NDA की केंद्र और राज्य सरकार पर हमलावर है। इसी कड़ी में शुक्रवार को युवा कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष शिवप्रकाश गरीब दास ने एक प्रेस वार्ता किया। प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर जम कर हमले करते हुए उन्हें कॉम्प्रोमाइज्ड पीएम तक कह दिया। वहीं उन्होंने सीएम नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार का राजनीति में स्वागत करते हुए कीमत चुकाने की भी बात कही। गरीब दास ने प्रधानमंत्री की वजह से सीएम नीतीश को कंप्रोमाइज करने का आरोप लगाया।
PM और HM हैं कॉम्प्रोमाइज्ड
मीडिया से बात करते हुए कांग्रेस युवा अध्यक्ष ने कहा कि एक समय था जब भारत अपने फैसले खुद लेता था लेकिन आज हमारे प्रधानमंत्री कंप्रोमाइज हो गए हैं और यही वजह है कि हमें तेल किस देश से खरीदना है यह बात भी अमेरिका से पूछना पड़ रहा है। हमारे प्रधानमंत्री समेत कई मंत्री और पीएम के एक खास उद्योगपति का नाम ऐप्सटिन फाइल में आया लेकिन वह इस मामले में भी माफी नहीं मांग रहे हैं। आज बिहार समेत देश भर में ईंधन और खास कर रसोई गैस की किल्लत चल रही है लेकिन हमारे कॉम्प्रोमाइज्ड प्रधानमंत्री बड़ी संख्या में स्टॉक होने का झूठा दावा कर रहे हैं। हमारे राज्य में भी कंट्रोल रूम स्थापित किए जाने का दावा हो रहा है कि रसोई गैस से संबंधित शिकायत दर्ज कराया जा सकता है लेकिन आप अभी ही कॉल कर लीजिए, तीन बार पी का आवाज कर कॉल कट जाएगा।
16 मार्च को करेंगे संसद का घेराव
इस दौरान युवा कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष शिव प्रकाश गरीब दास ने अमेरिका के साथ हुए ट्रेड डील पर भी निशाना साधा और कहा कि हमारे कॉम्प्रोमाइज्ड प्रधानमंत्री की वजह से यह डील हुई है। यह एक ऐसा डील है जिससे हमारा और हमारे किसानों का नुकसान होगा और अमेरिका का एकतरफा फायदा होगा क्योंकि जब अमेरिकी वस्तुएं भारत में बिकेगी तो उस पर कोई टैक्स नहीं लगेगा जबकि हमारे सामनों पर अमेरिका में भारी टैक्स लगाया जाएगा। हम डील के दिन से ही इसका विरोध कर रहे हैं और इसी वजह से दिल्ली की सरकार ने हमारे युवा प्रदेश अध्यक्ष समेत चार साथियों को तिहाड़ जेल में बंद कर दिया है तथा निकलने नहीं दे रही है। हम इसके विरूद्ध 16 मार्च को संसद का घेराव करेंगे। इस घेराव में बिहार से भी बड़ी संख्या में हमारे साथी भाग लेंगे।
यह भी पढ़ें - नहीं बंद हुई है अयोध्या की राम रसोई, सायन कुणाल ने बता दिया 'कैसे बन रहा भोजन..'
नाम लिए बगैर डिप्टी सीएम पर लगाया आरोप
इस दौरान युवा कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने नाम लिए बगैर उप मुख्यमंत्री विजय सिन्हा पर भी गंभीर आरोप लगाया और कहा कि वे कहते हैं कि राज्य के एक मंत्री हैं जो हम माफियाओं को खत्म कर देंगे लेकिन सच यह है कि उन्होंने अंचलाधिकारी समेत राजस्व कर्मियों पर भारी कमीशन बांध दिया है जिसकी वजह से सभी को हड़ताल पर जाना पड़ा है। हमारे देश में प्रधानमंत्री और गृह मंत्री खुद कॉम्प्रोमाइज्ड तो हैं ही हमारे मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को भी मजबूर कर दिया। मुख्यमंत्री ने कम ही सही लेकिन बिहार में अच्छा काम जरूर किया था अब उन्हें भी मजबूरन दिल्ली जाना पड़ रहा है।
सीएम नीतीश को चुकानी पड़ी कीमत
युवा कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष शिव प्रकाश गरीब दास ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार के राजनीति में आने पर स्वागत करते हुए कहा कि राज्य के एक विकासशील मुख्यमंत्री को अपने बेटा को राजनीति में लाने की कीमत चुकानी पड़ी, इससे अधिक शर्म की बात और क्या होगी। अगर नीतीश कुमार अपने बेटे को राजनीति में नहीं लाते तो उनकी कुर्सी नहीं छीनी जाती लेकिन बेटे को राजनीति में लाने की कीमत उन्हें चुकानी पड़ रही है।
यह भी पढ़ें - राज्यसभा चुनाव और अगला मुख्यमंत्री चेहरा पर नीतीश के मंत्री ने दिया बड़ा बयान, कहा 'निशांत को लेकर...