darsh news

शादी का झगड़ा बना जानलेवा ! सुबह होते ही युवक को मारी गोली

Marriage dispute turns fatal

सासाराम (रोहतास) से बड़ी खबर सामने आ रही है। मुफस्सिल थाना क्षेत्र के पेसरा गांव में आपसी रंजिश के चलते एक युवक को गोली मार दी गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल युवक की पहचान 29 वर्षीय धर्मेंद्र यादव के रूप में हुई है, जो लाली सिंह का पुत्र बताया जा रहा है। मिली जानकारी के अनुसार, बीती रात पास के भोरमा गांव में एक शादी समारोह आयोजित था। इसी दौरान धर्मेंद्र यादव अपने पिता के साथ वहां गए थे। शादी समारोह के दौरान कुछ युवकों ने उनके पिता के साथ अभद्र व्यवहार किया, जिसका धर्मेंद्र ने विरोध किया। इसी बात को लेकर विवाद बढ़ गया।

परिजनों का आरोप है कि उसी विवाद का बदला लेने के लिए आज सुबह गांव के ही राजू नामक युवक अपने साथियों के साथ धर्मेंद्र के घर पहुंचा और उसे गोली मार दी। गोली लगते ही धर्मेंद्र जमीन पर गिर पड़ा और मौके पर अफरातफरी मच गई। परिजन आनन-फानन में घायल युवक को सासाराम सदर अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उसका इलाज जारी है। डॉक्टरों के अनुसार, धर्मेंद्र की हालत गंभीर बनी हुई है और उसे विशेष निगरानी में रखा गया है।

यह भी पढ़ें: पटना सिविल कोर्ट फिर निशाने पर! छठी बार बम धमकी, पप्पू यादव की सुनवाई फिर टली

घटना की सूचना मिलते ही मुफस्सिल थाना की पुलिस सक्रिय हो गई है। पुलिस अस्पताल पहुंचकर घायल युवक का बयान दर्ज करने की तैयारी कर रही है। साथ ही आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी भी शुरू कर दी गई है। पुलिस का कहना है कि प्रारंभिक जांच में मामला आपसी विवाद और पुरानी रंजिश से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। पूरे मामले की गहन जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद पेसरा गांव में तनाव का माहौल है। पुलिस ने एहतियात के तौर पर गांव में गश्त बढ़ा दी है ताकि किसी तरह की अप्रिय स्थिति उत्पन्न न हो।


Scan and join

darsh news whats app qr