Join Us On WhatsApp

पटना सिविल कोर्ट फिर निशाने पर! छठी बार बम धमकी, पप्पू यादव की सुनवाई फिर टली

बिहार में एक बार फिर कोर्ट की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं, जब पटना, दानापुर और किशनगंज सिविल कोर्ट को ई-मेल के जरिए बम से उड़ाने की धमकी मिली।

Patna Civil Court receives bomb threat for the sixth time
पटना सिविल कोर्ट फिर निशाने पर! छठी बार बम धमकी, पप्पू यादव की सुनवाई फिर टली - फोटो : Darsh NEWS

बिहार की न्यायिक व्यवस्था एक बार फिर दहशत के साये में आ गई है। बुधवार सुबह ई-मेल के जरिए पटना, दानापुर और किशनगंज सिविल कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी मिलने से हड़कंप मच गया। धमकी में लिखा गया कि दोपहर 1 बजे कोर्ट परिसर में पांच बम धमाके होंगे। मेल में आपत्तिजनक नारे भी लिखे गए थे। धमकी मिलते ही प्रशासन ने एहतियातन तीनों कोर्ट परिसरों को खाली करा लिया। पटना सिविल कोर्ट को पूरी तरह बंद कर दिया गया है और किसी भी व्यक्ति के अंदर प्रवेश पर रोक लगा दी गई है। पुलिस ने चारों ओर बैरिकेडिंग कर सुरक्षा कड़ी कर दी है।

घटना की सूचना मिलते ही पीरबहोर थाना की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। कोर्ट परिसर में सघन तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वॉड की टीम को भी बुलाया गया है, ताकि किसी भी संभावित खतरे से निपटा जा सके। पटना सिविल कोर्ट में आज सांसद पप्पू यादव से जुड़े मामले की सुनवाई होनी थी, लेकिन धमकी के कारण सुनवाई को फिलहाल टाल दिया गया है।

यह भी पढ़ें: एनकाउंटर को लेकर गरमाई राजनीति! RJD ने कहा – चुनिंदा जाति को बनाया जा रहा टारगेट

यह छठी बार है जब पटना सिविल कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी मिली है। बार-बार ऐसी घटनाओं से वकीलों और आम लोगों में भारी नाराजगी है। अधिवक्ता विजय कुमार ने बताया कि सुबह से ही कोर्ट बंद है और किसी को भी अंदर नहीं जाने दिया जा रहा। स्थिति बेहद चिंताजनक है। वहीं कोर्ट आए अनिल कुमार द्विवेदी ने कहा कि लगातार धमकियों के बावजूद प्रशासन ठोस कदम नहीं उठा रहा है। बिना स्पष्ट सूचना के गेट बंद कर दिए गए हैं, जिससे लोग परेशान हैं। फिलहाल पुलिस ई-मेल भेजने वाले की पहचान करने और पूरे मामले की जांच में जुटी है। सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट पर हैं और हालात पर लगातार नजर रखी जा रही है।

यह भी पढ़ें: पेड़ से टकराई बारात की स्कॉर्पियो, एक झटके में उजड़ गईं तीन ज़िंदगियां, चालक फरार!


Scan and join

darsh news whats app qr
Join Us On WhatsApp