darsh news

रात में लापता, सुबह पेड़ से झूलती मिली… त्रिवेणीगंज में रहस्यमयी मौत से हड़कंप

Mysterious death creates panic in Triveniganj

सुपौल जिले के त्रिवेणीगंज थाना क्षेत्र के रहठा गांव में सोमवार देर रात एक 18 वर्षीय युवती का शव बांस बाड़ी में पेड़ से फंदे से लटका मिलने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। मृतका की पहचान किशनपुर थाना क्षेत्र निवासी मनोज मंडल की पुत्री डेजी कुमारी के रूप में हुई है, जो बीए की छात्रा बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार डेजी अपनी नानी के गांव रहठा में एक शादी समारोह में शामिल होने आई थी। देर शाम वह पड़ोस में आयोजित हल्दी-मेहंदी की रस्म में गई थी। परिजनों का कहना है कि रस्म के बाद वह पास के चापाकल पर हाथ धोने गई, लेकिन काफी देर तक वापस नहीं लौटी। जब खोजबीन शुरू हुई तो देर रात सूचना मिली कि बांस बाड़ी में एक युवती का शव फंदे से लटका है।

यह भी पढ़ें: और वर्दीवालों को दौड़ा दौड़ा कर पीटने लगी पुलिस, राजधानी पटना में लाठीचार्ज...

परिजन मौके पर पहुंचे तो दुपट्टे के सहारे पेड़ से लटका शव देखकर उनके होश उड़ गए। आनन-फानन में उसे अनुमंडलीय अस्पताल त्रिवेणीगंज ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। परिजनों ने आरोप लगाया है कि कुछ युवकों ने गलत नीयत से युवती को उठाया, दुष्कर्म का प्रयास किया और बाद में हत्या कर शव को फंदे से लटका दिया। घटना की सूचना मिलते ही त्रिवेणीगंज पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

यह भी पढ़ें: वाह रे बिहार पुलिस! भूल गए सुप्रीम कोर्ट का आदेश और कर दी ऐसी गलती कि हो गई फजीहत...

मंगलवार सुबह एफएसएल, साइबर थाना और डीआईयू की टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए। त्रिवेणीगंज एसडीपीओ विभाष कुमार ने बताया कि सभी पहलुओं से जांच की जा रही है और रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल गांव में तनाव का माहौल है और पुलिस मामले की गहराई से पड़ताल कर रही है।


Scan and join

darsh news whats app qr