जहानाबाद में जब कचरा फेंकने पहुंचे लोग रह गए दंग… कचरे में पड़ी थी एक ….. पूरी खबर पढ़ें
जहानाबाद शहर के नगर थाना क्षेत्र स्थित श्री कृष्णापुरी कॉलोनी में बुधवार सुबह उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब स्थानीय लोगों ने कचरे के ढेर में एक अज्ञात व्यक्ति का शव देखा। सुबह की सैर और घरों का कचरा फेंकने निकले लोगों की नजर जैसे ही शव पर पड़ी, पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। देखते ही देखते आसपास के लोग मौके पर जुट गए और घटना की सूचना पुलिस को दी गई।
यह भी पढ़ें: बजट सत्र का 18वां दिन: छह फैसले जो बदल सकते हैं बिहार की सियासत
स्थानीय निवासी नागेंद्र कुमार ने बताया कि कुछ महिलाएं रोज की तरह कचरा फेंकने गई थीं। इसी दौरान उन्होंने कचरे के बीच एक व्यक्ति को पड़ा देखा। पहले लोगों को लगा कि शायद वह बेहोश है, लेकिन पास जाकर देखने पर कोई हलचल नहीं दिखी। स्थिति गंभीर समझते हुए तत्काल 112 नंबर पर कॉल कर पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही नगर थाना की टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल को घेरकर जांच शुरू की। थाना अध्यक्ष उमेश प्रसाद ने बताया कि प्रथम दृष्टया व्यक्ति की मौत हो चुकी थी। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया गया है। उन्होंने बताया कि शरीर पर किसी तरह के स्पष्ट बाहरी चोट के निशान नहीं मिले हैं, हालांकि मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा।
यह भी पढ़ें: बिना टिकट सफर पड़ा भारी! दानापुर रेल डिविजन में सख्ती, नहीं चुकाया जुर्माना तो सीधा जेल
पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है, लेकिन अब तक मृतक की पहचान नहीं हो पाई है। पहचान सुनिश्चित करने के लिए शव की तस्वीर सोशल मीडिया पर साझा की जा रही है। पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि किसी को मृतक के बारे में कोई जानकारी हो तो तत्काल नगर थाना से संपर्क करें। फिलहाल मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है।